पुत्रवधु और प्रेमी ने सोटा मारकर उतारा सास को मौत के घाट, दोनों गिरफ्तार
सोनीपत जिले के पिपलीखेड़ा गांव में बुजुर्ग महिला किताबों देवी की हत्या का खुलासा हो गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पुत्रवधु अनीता ने अपने प्रेमी चेतन के साथ मिलकर हत्या की थी। पुलिस ने चेतन को भी गिरफ्तार कर लिया है।
➤ सोनीपत के गांव पिपलीखेड़ा में सास की हत्या मामले का खुलासा
➤ पुत्रवधु अनीता ने प्रेमी चेतन के साथ मिलकर की थी किताबों देवी की हत्या
➤ पुलिस ने चेतन को भी गिरफ्तार कर मामले की जांच तेज की
सुशील मोर
सोनीपत जिले के गांव पिपलीखेड़ा से सामने आए बुजुर्ग महिला हत्या मामले का पुलिस ने राजफाश कर दिया है। बड़ी इंडस्ट्रियल थाना पुलिस ने जांच में पाया कि मृतका किताबों देवी की हत्या उसकी पुत्रवधु अनीता ने की थी। अनीता ने अपने प्रेमी चेतन निवासी रायपुर, जिला पलवल के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक किताबों देवी की हत्या उसके सिर पर चोट मारकर की गई थी। आरोपियों ने हत्या को हादसा दिखाने के लिए साजिश भी रची, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सच्चाई सामने आ गई। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि किताबों देवी की मौत प्राकृतिक कारणों से नहीं, बल्कि चोट लगने से हुई थी।
पुलिस ने जब पुत्रवधु अनीता से कड़ी पूछताछ की तो उसने अपराध स्वीकार करते हुए अपने प्रेमी चेतन का नाम भी उजागर कर दिया। अनीता ने बताया कि चेतन के साथ मिलकर उसने किताबों देवी को मौत के घाट उतारा। इसके बाद पुलिस ने चेतन को दबोच लिया।
एसीपी ऋषिकांत ने बताया कि यह हत्या योजनाबद्ध तरीके से की गई थी। पहले बुजुर्ग महिला को सोटा मारकर मौत के घाट उतारा गया और फिर इसे हादसा दिखाने की कोशिश की गई। अब पुलिस ने प्रेमी चेतन को भी गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
इस वारदात ने गांव में सनसनी फैला दी है। ग्रामीण इस घटना से स्तब्ध हैं और मामले की सच्चाई सामने आने के बाद अब सभी की नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी है।