नेशनल बॉक्सिंग कैंप में 64 में से 31 बॉक्सर हरियाणा के
नेशनल बॉक्सिंग कैंप में 64 में से 31 मुक्केबाज हरियाणा से चयनित हुए हैं। पटियाला कैंप में लॉस एंजेल्स ओलिंपिक को लेकर विशेष तैयारी कराई जाएगी।
➤ नेशनल बॉक्सिंग कैंप में 64 में से 31 बॉक्सर हरियाणा के
➤ 14 महिला और 17 पुरुष मुक्केबाजों का चयन, 45% प्रतिनिधित्व
➤ लॉस एंजेल्स ओलिंपिक की तैयारी के लिए पटियाला में विशेष कैंप
हरियाणा अब देश में मुक्केबाजी का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। खेल प्राधिकरण ऑफ इंडिया की ओर से जारी नेशनल कोचिंग कैंप की सूची में कुल 64 मुक्केबाजों में से 31 हरियाणवी बॉक्सरों का चयन हुआ है। इनमें 14 महिला और 17 पुरुष मुक्केबाज शामिल हैं, जिससे कैंप में हरियाणा की हिस्सेदारी करीब 45 प्रतिशत हो गई है।
यह नेशनल कोचिंग कैंप पंजाब के एनआईएस पटियाला में आयोजित किया जा रहा है, जो 14 मार्च तक चलेगा। कैंप में मुक्केबाजों को लॉस एंजेल्स ओलिंपिक, ओलिंपिक क्वालिफिकेशन मुकाबलों और अन्य अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। सभी खिलाड़ियों के खाने, रहने और प्रशिक्षण की व्यवस्था कैंप परिसर में ही की गई है।
इस कैंप के साथ ही स्वीडन मूल के कोच सैंटियागो नीवा की इंडियन महिला बॉक्सिंग टीम के मुख्य कोच के रूप में वापसी हुई है। सैंटियागो नीवा पहले 2016 से 2020 तक भारत में हाई परफॉर्मेंस मैनेजर रह चुके हैं। उनके नेतृत्व में टोक्यो ओलिंपिक में भारत ने 14 में से 9 कैटेगरी में ओलिंपिक कोटा हासिल किया था।
टोक्यो ओलिंपिक में भारत की ओर से लवलीना बोर्गोहेन ने महिला वेल्टरवेट वर्ग (69 किग्रा) में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। 2016 और 2024 ओलिंपिक में पदक नहीं मिलने के बाद, लॉस एंजेल्स ओलिंपिक से पहले फिर से सैंटियागो नीवा पर भरोसा जताया गया है।
हरियाणा बॉक्सिंग फेडरेशन के अध्यक्ष मेजर सत्यपाल सिंधु ने कहा कि हरियाणा बॉक्सरों की नर्सरी है। यहां से निकले खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करते हैं और उन्हें सेना व रेलवे में नौकरी के अवसर मिलते हैं। अब बड़ी संख्या में लड़कियां भी सेना में शामिल होकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रही हैं।
Akhil Mahajan