महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा सरकार कर रही विभिन्न स्तरों पर कार्य: मीना परमार
हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने सोनीपत विश्वविद्यालयों में छात्राओं से संवाद कर महिला सशक्तिकरण, अधिकारों और नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।
➤ छात्राओं को महिला अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की दी जानकारी
➤ नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने का किया आह्वान
➤ समाज में सकारात्मक बदलाव की वाहक बनने के लिए छात्राओं को किया प्रेरित
सोनीपत, 08 अक्टूबर। हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने गुरुवार को ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी तथा भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और नशे के खिलाफ जागरूकता के प्रति सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की समान और सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से अपने घर, गांव, कॉलेज और आसपास के परिवेश से सकारात्मक बदलाव की शुरुआत करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने सी इज एं चेंज मेकर कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए छात्राओं से समाज में बदलाव की वाहक बनने की अपील की।
महिला सशक्तिकरण और विकसित भारत में महिलाओं की भागीदारी पर चर्चा
ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी में उपाध्यक्ष मीना परमार ने फैकल्टी सदस्यों के साथ संवाद किया। इस दौरान महिला सशक्तिकरण और विकसित भारत में महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने विश्वविद्यालय की इंटरनल कंप्लेंट कमेटी एवं पॉश कमेटी के सदस्यों से भी बातचीत की। उन्होंने महिला संबंधी शिकायतों की गोपनीयता बनाए रखने तथा शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
महिला प्रोफेसरों के साथ संवाद के दौरान उन्होंने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं के नेतृत्व और उनकी बढ़ती भागीदारी को लेकर भी विस्तार से चर्चा की। इस दौरान विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर सी. राजकुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय के कैंपस में 51 प्रतिशत विद्यार्थी छात्राएं हैं, जबकि 55 प्रतिशत फैकल्टी मेंबर महिलाएं हैं।
सरकार विभिन्न स्तरों पर कर रही कार्य
मीना परमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की समान और सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने संस्थानों में मौजूद खामियों को दूर करना सभी की जिम्मेदारी बताते हुए आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने छात्राओं से संवाद के दौरान मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग को लेकर भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को कम उम्र में मोबाइल थमा देने से उनके मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में सभी को इस दिशा में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सकारात्मक बदलाव के लिए किसी बड़े स्तर से शुरुआत करना जरूरी नहीं है। हर व्यक्ति अपने घर, गांव और आसपास के परिवेश से बदलाव की शुरुआत कर सकता है। इसी संदर्भ में उन्होंने सी इज एं चेंज मेकर कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए छात्राओं को समाज में सकारात्मक परिवर्तन की वाहक बनने के लिए प्रेरित किया।
नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने की अपील
मीना परमार ने नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज बेटियां और बेटे दोनों नशे की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में नशे के खिलाफ लड़ना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्राओं, शिक्षकों और बुद्धिजीवी वर्ग से अपने कॉलेज, गांव और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता की मुहिम चलाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस दौरान उन्होंने छात्राओं से हाथ उठाकर नशे के खिलाफ अभियान का हिस्सा बनने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि नशा नाश की जड़ है और इसकी जड़ों को काटने की जिम्मेदारी हम सभी की है।
उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे अपने कॉलेज के साथ-साथ सामाजिक संगठनों, एनजीओ, पंच-सरपंच और जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर नशे के खिलाफ व्यापक मुहिम चलाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में युवा शक्ति, महिला शक्ति और अन्य सभी वर्गों को साथ लेकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
महिला सुरक्षा और अधिकारों की दी जानकारी
मीना परमार ने छात्राओं को महिलाओं की सुरक्षा एवं अधिकारों से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में विश्वविद्यालय की इंटरनल कंप्लेंट कमेटी में शिकायत की जा सकती है।
उन्होंने पॉश एक्ट के तहत शिकायत निवारण प्रक्रिया, जीरो एफआईआर, महिला थानों और वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी महिला के साथ शोषण अथवा उत्पीड़न की स्थिति में वह हरियाणा राज्य महिला आयोग से भी संपर्क कर सकती है।
एआई और सस्टेनेबल डेवलपमेंट रिपोर्ट का विमोचन
दौरे के दौरान मीना परमार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं सस्टेनेबल डेवलपमेंट से संबंधित रिपोर्ट का विमोचन भी किया। इसके साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर स्थित संविधान संग्रहालय का दौरा किया और संविधान से जुड़ी विभिन्न जानकारियों को आधुनिक तरीके से जाना।
विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर सी. राजकुमार ने उपाध्यक्ष मीना परमार को संविधान की विशेष प्रति एवं विश्वविद्यालय का स्कार्फ भेंट कर सम्मानित किया।
इस दौरान वाइस चांसलर सी. राजकुमार, वाइस चांसलर डॉ. सुदेश छिक्कारा, सदस्य सुनीता लोहचब, जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, वरिष्ठ नेता आजाद सिंह नेहरा, रजिस्ट्ररी श्रीधर पटनायक, रजिस्ट्रार प्रोफेसर शिवालिक यादव, प्रोफेसर उपासना, प्रोफेसर आनंद, प्रोफेसर हिमांसी, एसएचओ कविता, सीडीपीओ सुशीला, सोनिया मोर, सीमा ग्रोवर, अमनदीप, अंजु दहिया, किरण बाला, हरदीप व अन्य मौजूद रहे।
Akhil Mahajan