हिसार-जयपुर फ्लाइट की टिकट बुकिंग शुरू, DGCA ने शेड्यूल किया जारी, जानें कितना होगा किराया

12 सितंबर से हिसार से जयपुर के लिए नई फ्लाइट सेवा शुरू होगी। DGCA ने शेड्यूल जारी कर दिया है। अलायंस एयर ने टिकट बिक्री शुरू कर दी है। यह फ्लाइट हर शुक्रवार चलेगी।

हिसार-जयपुर फ्लाइट की टिकट बुकिंग शुरू, DGCA ने शेड्यूल किया जारी, जानें कितना होगा किराया

➤ हिसार से जयपुर के लिए फ्लाइट 12 सितंबर से हर शुक्रवार शुरू होगी, किराया लगभग ₹2300 होगा
➤ हिसार-चंडीगढ़ फ्लाइट का समय बदला गया, अब सोमवार और बुधवार सुबह चलेगी
➤ मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा हिसार एयरपोर्ट से कई नई फ्लाइट सेवाओं का उद्घाटन किया जाएगा

हरियाणा के हिसार जिले में नागरिक उड्डयन क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। 12 सितंबर 2025 से हिसार के महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से जयपुर के लिए सीधी फ्लाइट सेवा शुरू होगी। DGCA ने इसका शेड्यूल जारी कर दिया है और अलायंस एयर ने आधिकारिक वेबसाइट पर टिकट बुकिंग की सुविधा भी चालू कर दी है।

यह नई फ्लाइट सेवा हर शुक्रवार को संचालित होगी। जयपुर से सुबह 11:10 बजे उड़ान भरकर 12:10 बजे हिसार पहुंचेगी। वहीं हिसार से शाम 5:35 बजे उड़ान भरकर 6:40 बजे जयपुर पहुंचेगी। किराया टैक्स सहित लगभग ₹2300 निर्धारित किया गया है, जबकि सीट बुकिंग चार्ज अलग से लिया जाएगा।

3 महीने पहले मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हिसार से चंडीगढ़ विमान सेवा की शुरुआत की थी।

इसके पहले हिसार से दिल्ली, अयोध्या और चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस नई फ्लाइट का उद्घाटन करेंगे। इससे राजस्थान और हरियाणा के बीच यात्रियों को लाभ मिलेगा। खासकर जयपुर से अयोध्या जाने वाले यात्रियों को भी सीधी फ्लाइट से सुविधा मिलेगी। सड़क मार्ग से जयपुर पहुंचने में करीब साढ़े 5 घंटे लगते थे, जबकि फ्लाइट से मात्र डेढ़ घंटे में यात्रा पूरी हो सकेगी।

साथ ही हिसार से चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट समय में बदलाव किया गया है। अब हिसार से चंडीगढ़ की फ्लाइट हर सोमवार और बुधवार सुबह 10 बजे उड़ेगी और सुबह 11 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। वापसी में चंडीगढ़ से सुबह 8 बजे उड़ा करेगी और सुबह 9:40 बजे हिसार पहुंचेगी। इससे पहले यह सेवा सोमवार और शुक्रवार को दोपहर में संचालित होती थी।

इस सेवा के तहत यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए कई नई रूट्स शुरू की जा रही हैं। पहले से ही हिसार से अयोध्या, दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट उपलब्ध हैं। आगामी समय में अहमदाबाद, जयपुर और जम्मू के लिए भी फ्लाइट सेवा शुरू होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नागरिक उड्डयन को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा सरकार और अलायंस एयर के बीच समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए थे।

इस नई फ्लाइट सेवा से चिकित्सा, व्यापार और पर्यटन के क्षेत्र में भी खासा लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।