परशुराम भवन के शिलान्यास पर बवाल, लात-घूंसे चले:झज्जर में BJP नेता-बेटे के साथ मारपीट
झज्जर में परशुराम भवन शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मंच पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। BJP नेता और उनके बेटे के साथ भी हाथापाई हुई, घटना का वीडियो वायरल है।
■ झज्जर में परशुराम भवन शिलान्यास कार्यक्रम में बवाल
■ मंच पर ही दो पक्षों में लात-घूंसे, BJP नेता व बेटे से मारपीट
■ मंत्री और विधायक की मौजूदगी में हंगामा, VIDEO वायरल
हरियाणा के झज्जर में परशुराम भवन के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब मंच पर ही दो गुट आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते मामला लात-घूंसे तक पहुंच गया। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई और पूरा माहौल तनावपूर्ण हो गया।
जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा भी शामिल हुए थे। उनके पंडाल से निकलने के कुछ ही मिनट बाद यह विवाद शुरू हो गया। घटना के वक्त बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स और पूर्व विधायक नरेश शर्मा भी मौके पर मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि इस हंगामे के दौरान भाजपा नेता और ब्राह्मण महासभा के जिला महासचिव संत सुरेहती और उनके बेटे के साथ मारपीट की गई। सुरेहती इस कार्यक्रम के आयोजक भी थे, जिससे विवाद और अधिक चर्चा का विषय बन गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। मंच पर मौजूद लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और फिर लात-घूंसे चलने लगे। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फिलहाल, घटना के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन इसे लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और वीडियो के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा सकती है।
इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक कार्यक्रमों में बढ़ती अव्यवस्था और गुटबाजी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
shubham