दोस्त की लापरवाही ने छीनी जान, साइप्रस लौटने से पहले सड़क हादसे में हर्षित की मौत
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में साइप्रस से छुट्टी पर आए हर्षित कंबोज की दोस्त की लापरवाही के कारण सड़क हादसे में मौत हो गई। कार पलटने से तीन अन्य युवक घायल हुए।
➤ साइप्रस से छुट्टी पर आया युवक सड़क हादसे का शिकार
➤ दोस्त के स्टंट ने ली युवक की जान
➤ तीन अन्य घायल, कार चालक पर FIR दर्ज
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में उस समय मातम छा गया जब साइप्रस से छुट्टी पर आया 22 वर्षीय हर्षित कंबोज अपने ही दोस्त की लापरवाही का शिकार हो गया। हर्षित अपने दोस्तों के साथ लाडवा जा रहा था। गाड़ी चला रहा उसका दोस्त आर्यन तेज स्पीड और जिग-जैग स्टाइल में कार चला रहा था। कई बार मना करने के बावजूद उसने गाड़ी धीमी नहीं की। नतीजा यह हुआ कि कार पेड़ से टकराकर पलट गई और चारों युवक उसमें फंस गए।
आसपास के लोगों ने किसी तरह युवकों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। लेकिन हर्षित की मौत हो गई। बाकी तीनों घायल युवकों का इलाज चल रहा है।
हर्षित करनाल के कलरी जागीर गांव का रहने वाला था और घर का इकलौता बेटा था। वह पिछले साल साइप्रस गया था और 15 दिन की छुट्टी पर घर आया था। हादसे वाले दिन ही उसकी फ्लाइट साइप्रस लौटने के लिए बुक थी।
पुलिस ने आर्यन पर FIR दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिवार को सौंप दिया है। हर्षित की मौत की खबर से पूरे गांव में मातम है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
Akhil Mahajan