बस स्टैंड पर दर्दनाक हादसा,बस ने बुजुर्ग को कुचला, मौके पर मौ*त

कुरुक्षेत्र के पिहोवा बस स्टैंड पर बस की चपेट में आने से 60-65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस CCTV फुटेज से पहचान और हादसे की जांच कर रही है।

बस स्टैंड पर दर्दनाक हादसा,बस ने बुजुर्ग को कुचला, मौके पर मौ*त

पिहोवा बस स्टैंड पर बस की चपेट में आने से 60-65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

➤ पटियाला जाने वाली बस के बारे में पूछताछ कर रहा था बुजुर्ग, टायर ऊपर से निकलने से मौके पर तोड़ा दम

➤ जेब से नहीं मिला पहचान पत्र या मोबाइल, पुलिस CCTV फुटेज खंगालकर पहचान कराने में जुटी

कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा बस स्टैंड पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 60-65 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग बस स्टैंड पर पटियाला जाने वाली बस के बारे में पूछताछ कर रहा था। इसी दौरान वहां पहुंची एक बस की चपेट में वह आ गया। बस का टायर उसके ऊपर से निकल गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद बस स्टैंड पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर LNJP अस्पताल भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी पहचान कराने के साथ-साथ हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

पटियाला जाने वाली बस के बारे में पूछ रहा था बुजुर्ग

सिटी थाना पिहोवा के SHO सुनील वत्स ने बताया कि हादसे से कुछ समय पहले बुजुर्ग पटियाला जाने वाली बस के बारे में पूछताछ कर रहा था। इसी दौरान बस स्टैंड पर एक बस पहुंची और बुजुर्ग उसकी चपेट में आ गया।

बस का टायर बुजुर्ग के ऊपर से निकल गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। बस स्टैंड पर मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

जेब से नहीं मिला कोई पहचान पत्र, मोबाइल भी गायब

पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 60 से 65 साल लग रही है। हालांकि, अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव की तलाशी ली तो उसकी जेब से कोई पहचान पत्र या मोबाइल फोन नहीं मिला।

यही वजह है कि पुलिस को मृतक के परिवार और घर का पता लगाने में परेशानी आ रही है। उसकी पहचान के लिए पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है।

मृतक ने लाल रंग की सिख पगड़ी बांधी हुई थी। इसके अलावा उसके गले में चेकदार कपड़ा लपेटा हुआ था। पुलिस इन कपड़ों के आधार पर भी उसकी पहचान कराने की कोशिश कर रही है, ताकि उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, बस और हादसे की करेगी जांच

SHO सुनील वत्स ने बताया कि पुलिस बस स्टैंड और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज चेक कर रही है। फुटेज के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बुजुर्ग किस बस की चपेट में आया और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर LNJP अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया है। मृतक की पहचान नहीं होने के कारण 72 घंटे तक इंतजार किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।