ACB का बड़ा एक्शन, फूड एंड सप्लाई इंस्पेक्टर समेत तीन लोग एक लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार,आरोपियों में पूर्व सांसद का पोता भी शामिल
फतेहाबाद के रतिया में ACB ने फूड एंड सप्लाई इंस्पेक्टर यादविंदर गिल समेत तीन लोगों को एक लाख रुपये की रिश्वत के साथ पकड़ा। शेलर संचालक से गेट पास के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप।
फतेहाबाद के रतिया में ACB ने फूड एंड सप्लाई इंस्पेक्टर यादविंदर गिल समेत तीन लोगों को एक लाख रुपये की रिश्वत के साथ पकड़ा
➤ शेलर संचालक से गेट पास जारी करने के नाम पर मांगी जा रही थी रिश्वत, पहले भी एक लाख रुपये लेने का आरोप
➤ आरोपी यादविंदर गिल पूर्व कांग्रेस सांसद आत्मा सिंह गिल के पोते हैं, ACB तीनों से कर रही पूछताछ
फतेहाबाद। हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने शुक्रवार को रतिया में फूड एंड सप्लाई विभाग के इंस्पेक्टर यादविंदर गिल समेत तीन लोगों को एक लाख रुपये की रिश्वत के साथ पकड़ लिया। आरोप है कि शेलर संचालक से गेट पास जारी करने के नाम पर रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने जाल बिछाया और कार्रवाई करते हुए तीनों को रिश्वत की रकम के साथ दबोच लिया। फिलहाल टीम आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
इस मामले में पकड़े गए इंस्पेक्टर यादविंदर गिल का संबंध राजनीतिक परिवार से भी है। वह सिरसा से कांग्रेस सांसद रहे आत्मा सिंह गिल के पोते हैं। आत्मा सिंह गिल का 5 नवंबर 2017 को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। उनके परिवार का हरियाणा की राजनीति में भी खासा प्रभाव रहा है।
पहले एक लाख रुपये लेने के बाद फिर मांगी रकम
इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि रतिया में शेलर संचालकों को फूड एंड सप्लाई विभाग की ओर से गेट पास जारी किए जाते हैं। आरोप है कि इसी प्रक्रिया की आड़ में रिश्वत का खेल चल रहा था। रतिया के एक शेलर संचालक से पहले एक लाख रुपये लिए जा चुके थे। इसके बाद उससे एक लाख रुपये की और मांग की जा रही थी।
लगातार पैसों की मांग से परेशान शेलर संचालक ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से कर दी। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच की और आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल, तीनों आरोपी पकड़े
शिकायत के आधार पर ACB की टीम ने शुक्रवार को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। इस दौरान फूड एंड सप्लाई इंस्पेक्टर यादविंदर गिल, रवींद्र और सम्राट शंकर को एक लाख रुपये की रिश्वत के साथ पकड़ लिया गया। कार्रवाई के बाद टीम तीनों को अपने साथ ले गई। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है।
विधायक और सांसद रह चुके थे यादविंदर गिल के दादा
मामले में चर्चा में आए यादविंदर गिल के दादा सरदार आत्मा सिंह गिल हरियाणा की राजनीति में सक्रिय रहे थे। उनका जन्म 12 अक्टूबर 1938 को हुआ था। खेती-किसानी से जुड़े आत्मा सिंह गिल ने पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी। उन्होंने वर्ष 1987 में जनता दल की टिकट पर रतिया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। वह 1991 तक विधायक रहे।
वर्ष 1990 से 1991 तक उन्होंने हरियाणा स्टेट माइनर इरिगेशन ट्यूबवेल कॉरपोरेशन के चेयरमैन की जिम्मेदारी भी संभाली। इसके बाद वर्ष 2004 में कांग्रेस ने उन्हें सिरसा लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा। इस चुनाव में उन्होंने इनेलो के मजबूत गढ़ में दो बार सांसद रह चुके सुशील इंदौरा को 71,475 वोटों से हराकर जीत दर्ज की।
आत्मा सिंह गिल वर्ष 2004 से 2009 तक सांसद रहे। उस समय तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी इनेलो के गढ़ में उनकी जीत पर पीठ थपथपाई थी। राजनीतिक सफर की शुरुआत में वह भजनलाल के करीबी माने जाते थे, लेकिन बाद में उनकी नजदीकियां भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ बढ़ गई थीं।
वर्ष 2005 में कांग्रेस ने उनके बेटे गुरदीप गिल को भी चुनाव मैदान में उतारा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। लंबी बीमारी के बाद 5 नवंबर 2017 को आत्मा सिंह गिल का निधन हो गया। यादविंदर गिल के पिता का नाम दलजीत गिल था। उनका भी निधन हो चुका है।
इस तरह रतिया में रिश्वत के मामले में फूड एंड सप्लाई इंस्पेक्टर की गिरफ्तारी के बाद यह मामला राजनीतिक पृष्ठभूमि के कारण भी चर्चा में आ गया है। फिलहाल ACB की पूछताछ जारी है।
pooja