मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 1.91 लाख रुपये, अगले दिन मैसेज देखकर उड़े होश

कैथल के गांव छोत में मोबाइल हैक कर यूपीआई के जरिए 1 लाख 91 हजार 87 रुपये निकालने का मामला सामने आया। साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 1.91 लाख रुपये, अगले दिन मैसेज देखकर उड़े होश

कैथल में मोबाइल हैक कर खाते से निकाले 1.91 लाख रुपये

➤ मोबाइल अचानक हैंग हुआ, अगले दिन चालू होने पर मिले पैसे कटने के मैसेज

➤ यूपीआई के जरिए हुई धोखाधड़ी, साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी पर दर्ज किया केस

कैथल में मोबाइल हैक कर एक व्यक्ति के बैंक खाते से 1 लाख 91 हजार 87 रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित का मोबाइल इस्तेमाल करते समय अचानक हैंग हो गया और काम करना बंद कर दिया। अगले दिन सुबह मोबाइल दोबारा चालू हुआ तो खाते से रुपये कटने के मैसेज देखकर उसके होश उड़ गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका मोबाइल हैक कर यूपीआई (UPI) के माध्यम से खाते से रकम निकाल ली। पीड़ित की शिकायत पर कैथल साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मोबाइल चलाते समय अचानक हैंग हुआ

गांव छोत निवासी सुखराज ने साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 नवंबर को वह अपने घर पर था और मोबाइल चला रहा था। इसी दौरान शाम करीब 4:15 बजे उसका मोबाइल अचानक हैंग हो गया। कुछ देर तक प्रयास करने के बावजूद मोबाइल काम नहीं कर रहा था और पूरी तरह बंद हो गया।

सुखराज के अनुसार, अगले दिन यानी 24 नवंबर को सुबह करीब 8:00 बजे उसका मोबाइल दोबारा चलने लगा। मोबाइल चालू करने के बाद जब उसने उसे चेक किया तो बैंक खाते से रुपये कटने के मैसेज मिले।

खाते से निकले 1 लाख 91 हजार 87 रुपये

मैसेज देखने पर पता चला कि उसके बैंक खाते से कुल 1 लाख 91 हजार 87 रुपये निकाल लिए गए हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि अज्ञात व्यक्ति ने उसका मोबाइल हैक करके यूपीआई के माध्यम से इस रकम को निकाला है।

अचानक मोबाइल बंद होने और अगले दिन खाते से बड़ी रकम निकलने का पता चलने पर सुखराज ने पुलिस से शिकायत की। उसने अज्ञात आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही धोखाधड़ी से निकाली गई रकम वापस दिलाने की मांग की है।

साइबर थाना पुलिस ने दर्ज किया केस

साइबर थाना के जांच अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।