भेड़िया 2 का ऐलान!4 साल बाद लौटेंगे वरुण धवन, अमर कौशिक ने दिया बड़ा अपडेट

वरुण धवन की फिल्म भेड़िया 2 की आधिकारिक पुष्टि हो गई है। निर्देशक अमर कौशिक ने सीक्वल का अपडेट दिया, जानिए श्रद्धा कपूर की एंट्री पर क्या है सस्पेंस।

भेड़िया 2 का ऐलान!4 साल बाद लौटेंगे वरुण धवन, अमर कौशिक ने दिया बड़ा अपडेट

चार साल बाद लौटेगा वरुण धवन का 'भेड़िया', सीक्वल की आधिकारिक पुष्टि

➤ निर्देशक अमर कौशिक ने वीडियो शेयर कर बताया, अभी कहानी लिखने का काम चल रहा है

➤ 'स्त्री' और 'भेड़िया' के कनेक्शन से बढ़ी फैंस की उम्मीदें, श्रद्धा कपूर की एंट्री पर सस्पेंस

बॉलीवुड की चर्चित हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भेड़िया' के प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। वरुण धवन और कृति सेनन स्टारर इस फिल्म का दूसरा भाग यानी 'भेड़िया 2' आधिकारिक तौर पर कन्फर्म हो गया है। फिल्म के निर्देशक अमर कौशिक ने सीक्वल को लेकर बड़ा अपडेट साझा किया है। हालांकि, अभी फिल्म की कहानी लिखने का काम चल रहा है और इसकी रिलीज डेट को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है। फिल्म के चार साल पूरे होने के मौके पर सामने आए इस ऐलान ने दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया है।

साल 2022 में रिलीज हुई 'भेड़िया' को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। फिल्म में वरुण धवन के साथ कृति सेनन नजर आई थीं। इसकी कहानी, हॉरर और कॉमेडी के मेल के साथ किरदारों ने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई। फिल्म रिलीज होने के चार साल बाद भी इसके सीक्वल को लेकर चर्चा बनी हुई थी। अब मेकर्स की ओर से दूसरे भाग की पुष्टि किए जाने के बाद फैंस को एक बार फिर भेड़िया की दुनिया में लौटने का इंतजार है।

अमर कौशिक ने मजेदार वीडियो के साथ दिया सीक्वल का अपडेट

दरअसल, बुधवार को फिल्म की चौथी सालगिरह के मौके पर निर्देशक अमर कौशिक ने सोशल मीडिया पर एक मजेदार वीडियो साझा किया। इस वीडियो में भेड़िया उनके ऑफिस में हंगामा करता दिखाई देता है। वह ऑफिस में चीजें इधर-उधर फेंकता है और लैपटॉप तक फेंक देता है। वीडियो के जरिए निर्देशक ने सीक्वल की कहानी लिखने में लग रहे समय को मजाकिया अंदाज में दिखाया।

अमर कौशिक ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, 'भेड़िया इस बात से बहुत खुश नहीं है कि उसकी कहानी लिखने में इतना समय लग रहा है... क्या करें? जल्द आ रहे हैं भेड़िया अंकल।'

निर्देशक के इस पोस्ट से साफ हो गया कि मेकर्स 'भेड़िया 2' पर काम कर रहे हैं। हालांकि, फिल्म अभी कहानी लिखने के शुरुआती चरण में है। ऐसे में दर्शकों को इसके निर्माण और रिलीज से जुड़ी आगे की जानकारी के लिए इंतजार करना होगा।

सीक्वल की खबर सुनते ही फैंस ने की जल्द रिलीज करने की मांग

अमर कौशिक की पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। दर्शकों ने सीक्वल की पुष्टि पर खुशी जताई और मेकर्स से फिल्म की कहानी जल्द पूरी करने की मांग की। कई प्रशंसकों ने कहा कि वे लंबे समय से 'भेड़िया 2' का इंतजार कर रहे हैं।

एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, 'फिर आप किस बात का इंतजार कर रहे हैं? भेड़िया 2 जल्द बनाइए।' वहीं, एक अन्य प्रशंसक ने कहा कि वह काफी समय से इस फिल्म के दूसरे भाग का इंतजार कर रहा है और उम्मीद करता है कि इसकी कहानी शानदार होगी।

फैंस की प्रतिक्रियाओं से साफ है कि फिल्म के सीक्वल को लेकर दर्शकों में पहले से ही उत्सुकता बनी हुई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि मेकर्स कहानी को किस अंदाज में आगे बढ़ाते हैं।

'स्त्री' और 'भेड़िया' की जोड़ी को फिर साथ देखना चाहते हैं दर्शक

'भेड़िया 2' की पुष्टि के बाद फिल्म के साथ 'स्त्री' के कनेक्शन को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। दरअसल, 'भेड़िया' और 'स्त्री' की कहानियों के बीच जुड़ाव ने दर्शकों के मन में दोनों फिल्मों के किरदारों को लेकर उत्सुकता पैदा की थी। यही वजह है कि अब फैंस वरुण धवन और श्रद्धा कपूर को एक बार फिर साथ देखने की इच्छा जता रहे हैं।

एक यूजर ने कमेंट में लिखा, 'भेड़िया और स्त्री की पहली मुलाकात को चार साल हो गएष इस पावर कपल की लव स्टोरी का इंतजार है।' वहीं, एक अन्य प्रशंसक ने दोनों की केमिस्ट्री को शानदार बताते हुए उन्हें फिर से साथ देखने की इच्छा जाहिर की।

क्या 'भेड़िया 2' में श्रद्धा कपूर की भी होगी एंट्री?

सीक्वल को लेकर सबसे बड़ा सवाल इसकी स्टारकास्ट को लेकर है। दर्शक जानना चाहते हैं कि क्या दूसरे भाग में वरुण धवन और कृति सेनन की वापसी होगी या फिर श्रद्धा कपूर भी इस बार कहानी का अहम हिस्सा बनेंगी।

फिलहाल मेकर्स की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। न ही फिल्म की पूरी स्टारकास्ट और रिलीज डेट का खुलासा हुआ है। अभी कहानी लिखने का काम चल रहा है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि अमर कौशिक 'भेड़िया 2' की कहानी को किस दिशा में लेकर जाते हैं और क्या इसमें 'स्त्री' के किरदारों को भी जगह मिलेगी।

फिलहाल इतना तय है कि चार साल बाद 'भेड़िया' की वापसी की तैयारी शुरू हो चुकी है और इसके सीक्वल की आधिकारिक पुष्टि ने फैंस के इंतजार को एक नई उम्मीद दे दी है।