Live: हरियाणा विधानसभा में किस बात पर भिड़े कादियान और स्पीकर? CM सैनी भी बहस में कूदे, सदन में मचा हंगामा

हरियाणा विधानसभा के संविधान दिवस विशेष सत्र में रघुबीर कादियान और स्पीकर के बीच बहस हुई। CM नायब सैनी ने भी कांग्रेस के बयान पर जवाब दिया।

Live: हरियाणा विधानसभा में किस बात पर भिड़े कादियान और स्पीकर? CM सैनी भी बहस में कूदे, सदन में मचा हंगामा

 

➤ संविधान दिवस के विशेष सत्र में कांग्रेस विधायक रघुबीर कादियान के बयान पर सदन में तीखी बहस

➤ कादियान बोले- कौन कितना बोलेगा, इसकी सीमा तय नहीं होनी चाहिए; स्पीकर ने बताया सबका समय

➤ CM नायब सैनी ने भी दिया जवाब, सत्ता पक्ष को डेढ़ घंटा और कांग्रेस को डेढ़ घंटे का समय निर्धारित


हरियाणा विधानसभा के संविधान दिवस पर आयोजित विशेष सत्र में संविधान और लोकतंत्र पर चर्चा के बीच अचानक सियासी माहौल गरमा गया। कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक रघुबीर कादियान के बयान पर स्पीकर हरविंदर कल्याण ने आपत्ति जताई तो दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद की शुरुआत सदन में विधायकों के बोलने का समय निर्धारित करने को लेकर हुई थी। कादियान ने कहा कि सदन में कौन कितना और क्या बोलेगा, इसकी सीमा तय नहीं की जानी चाहिए। विधायकों को अपनी बात रखने की पूरी आजादी मिलनी चाहिए। इस पर स्पीकर ने स्पष्ट किया कि सभी दलों के लिए बोलने का समय निर्धारित किया गया है। सत्ता पक्ष और कांग्रेस को डेढ़-डेढ़ घंटे का समय दिया गया है, जबकि इनेलो और निर्दलीय विधायकों के लिए 10-10 मिनट तय किए गए हैं। मामला यहीं नहीं रुका। चर्चा के दौरान कादियान ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय पर तिरंगा नहीं फहराए जाने को लेकर टिप्पणी की। इस पर स्पीकर ने उन्हें टोका और कहा कि वह गलत बात कर रहे हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी बहस में शामिल हो गए। उन्होंने कांग्रेस के इतिहास और महात्मा गांधी के विचारों का जिक्र करते हुए विपक्ष को चर्चा के मुद्दे पर बने रहने की नसीहत दी।

कादियान बोले- विधायकों की बोलने की आजादी पर सीमा नहीं लगनी चाहिए

विधानसभा के विशेष सत्र में कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व स्पीकर रघुबीर कादियान ने सदन में बोलने के लिए समय निर्धारित किए जाने पर सवाल उठाया।

उन्होंने कहा कि सदन में कौन कितना बोलेगा और क्या बोलेगा, यह तय नहीं किया जाना चाहिए। विधायकों को अपनी बात रखने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।

कादियान की इस टिप्पणी के बाद सदन में माहौल गरमा गया। स्पीकर हरविंदर कल्याण ने उन्हें जवाब देते हुए कहा कि सभी दलों और सदस्यों के लिए चर्चा का समय निर्धारित किया गया है।

स्पीकर ने बताया किस दल को कितना मिलेगा समय

कादियान की आपत्ति पर स्पीकर हरविंदर कल्याण ने सदन में समय का पूरा ब्योरा रखा।

निर्धारित समय के अनुसार।

  • सत्ता पक्ष: डेढ़ घंटा।

  • कांग्रेस: डेढ़ घंटा।

  • इनेलो: 10 मिनट।

  • निर्दलीय विधायक: 10 मिनट।

स्पीकर ने बताया कि सदन में चर्चा शाम पांच बजे तक चलेगी। उनका कहना था कि सभी दलों को निर्धारित समय के अनुसार अपनी बात रखने का अवसर दिया जाएगा।

RSS पर कादियान की टिप्पणी से फिर गरमाया सदन

समय को लेकर बहस के बाद कांग्रेस विधायक रघुबीर कादियान ने कहा कि आज देश के हालात ठीक नहीं हैं। उन्होंने RSS के कार्यालय पर तिरंगा नहीं फहराए जाने को लेकर भी टिप्पणी की।

इस पर स्पीकर हरविंदर कल्याण ने उन्हें टोकते हुए कहा कि वह गलत बात कर रहे हैं। इसके बाद दोनों के बीच बहस होने लगी।

मामले में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी खड़े हुए। उन्होंने कहा कि सभी को चर्चा के निर्धारित विषय से बाहर नहीं जाना चाहिए।

CM सैनी ने कांग्रेस के इतिहास का किया जिक्र

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सदन में कहा कि आज की कांग्रेस का निर्माण अंग्रेजों ने किया था। उन्होंने महात्मा गांधी के उस विचार का भी जिक्र किया, जिसमें गांधी ने आजादी के बाद कांग्रेस को समाप्त करने की बात कही थी।

मुख्यमंत्री ने सदस्यों से चर्चा को मूल विषय पर रखने की अपील की। उनके बयान के बाद सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बहस और तेज हो गई।

अशोक अरोड़ा को टोकने पर हुड्डा ने भी जताई आपत्ति

इससे पहले कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा जब सदन में अपनी बात रखने के लिए खड़े हुए तो स्पीकर ने उन्हें टोका। इस पर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सवाल उठाया कि उन्हें बोलने क्यों नहीं दिया जा रहा है।

इसके बाद अशोक अरोड़ा ने अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस दौरान कहा कि आमतौर पर सदन में सदस्य सत्ता पक्ष और विपक्ष के रूप में आते हैं, लेकिन आज का दिन अलग है और सभी एक रूप में हैं।

वंदे मातरम् के साथ शुरू हुआ था विशेष सत्र

गौरतलब है कि संविधान दिवस के अवसर पर हरियाणा विधानसभा का विशेष एक दिवसीय सत्र सुबह 11 बजे वंदे मातरम् गीत के साथ शुरू हुआ था। शुरुआत में मुख्यमंत्री नायब सैनी और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शोक प्रस्ताव पढ़े।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने संविधान की पुस्तक पर पुष्प अर्पित किए। विधानसभा स्पीकर हरविंदर कल्याण और भूपेंद्र हुड्डा ने भी पुष्प अर्पित कर संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

सुबह करीब 11:30 बजे सदन की कार्यवाही स्थगित कर विधानसभा परिसर में संविधान दिवस का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा और संविधान निर्माताओं के योगदान पर डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई।

दोपहर 12:30 बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई। इसके बाद संविधान पर चर्चा के दौरान विधायकों के बोलने के समय और राजनीतिक टिप्पणियों को लेकर सदन में हंगामा देखने को मिला।