जॉर्डन भेजे 22 लाख के बासमती चावल गायब, कंटेनर खुला तो मिला नमक
करनाल से जॉर्डन भेजे 22 लाख के 22 टन बासमती चावल की जगह कंटेनर में नमक मिला। गन्नौर पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ गबन का केस दर्ज किया।
करनाल से जॉर्डन भेजे 22 लाख के 22 टन बासमती चावल गायब, कंटेनर में मिला नमक
➤ ढाई घंटे के सफर में ट्रक ड्राइवर ने लगाए करीब 9 घंटे, रास्ते में सील से छेड़छाड़ का शक
➤ नौकरी छोड़कर गायब हुआ ड्राइवर, जांच के बाद गन्नौर पुलिस ने धोखाधड़ी और गबन का केस दर्ज किया
हरियाणा के सोनीपत जिले के गन्नौर में विदेश भेजे गए 22 लाख रुपये कीमत के 22 टन बासमती चावल गायब होने का मामला सामने आया है। करनाल की फैक्ट्री से 1000 कट्टे चावल लोड करके गन्नौर के कार्गो टर्मिनल के लिए निकला ट्रक करीब 9 घंटे की देरी से पहुंचा था। इसके बाद चावल से भरे कंटेनर को गुजरात के मुंद्रा पोर्ट भेजा गया, जहां से समुद्री रास्ते के जरिए उसे जॉर्डन रवाना कर दिया गया।
हैरानी तब हुई जब जॉर्डन में कंटेनर खोला गया। उसमें बासमती चावल की जगह करीब 22 टन नमक मिला। चावल की जगह नमक मिलने से कंपनी में हड़कंप मच गया। मामले में कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने जांच की। जांच के दौरान ट्रक ड्राइवर पर चावल गायब करने और उनकी जगह नमक भरने का संदेह जताया गया। इसके बाद गन्नौर थाना पुलिस ने ड्राइवर विशाल कुमार के खिलाफ धारा 316(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
करनाल की फैक्ट्री से लोड हुए थे बासमती चावल के 1000 कट्टे
गन्नौर के गांधी नगर निवासी मुकेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पांची गुजरान स्थित दिल्ली इंटरनेशनल कार्गो टर्मिनल प्राइवेट लिमिटेड (DICT) में एग्जिक्यूटिव के पद पर कार्यरत है।
उन्होंने बताया कि कंपनी ने उज्ज्वल ट्रांसपोर्ट की तीन गाड़ियां किराए पर ले रखी हैं। इन्हीं में से एक ट्रक नंबर HR62-9908 को 4 जुलाई 2026 को करनाल के कुटेल स्थित ओलम एग्री इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में चावल लेने के लिए भेजा गया था।
ट्रक में PCIU 1992370 नंबर का कंटेनर लगा हुआ था। इसमें विदेश भेजने के लिए बासमती चावल लोड किए जाने थे। फैक्ट्री से चावल की खेप लेकर ट्रक को गन्नौर स्थित कंपनी के कार्गो टर्मिनल तक पहुंचना था।
ढाई घंटे के रास्ते में लगा दिए करीब 9 घंटे, अगले दिन सुबह पहुंचा ट्रक
शिकायत के अनुसार, ट्रक ड्राइवर विशाल कुमार निवासी गोपालगंज, बिहार 4 जुलाई को शाम 5:41 बजे फैक्ट्री से 1000 बोरी बासमती चावल लोड करके रवाना हुआ था।
चावल का कुल वजन 22,140 किलोग्राम था। इसकी कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई। करनाल से गन्नौर स्थित कंपनी तक पहुंचने में सामान्य तौर पर ढाई से तीन घंटे लगते हैं, लेकिन यह ट्रक अगले दिन सुबह 5:31 बजे पहुंचा।
इस तरह जिस सफर को पूरा करने में सामान्य तौर पर ढाई से तीन घंटे लगने चाहिए थे, उसमें करीब 9 घंटे लग गए। ट्रक के पहुंचने में हुई इस देरी को बाद में चावल गायब होने के मामले में अहम माना गया।
जॉर्डन में कंटेनर खुला तो बासमती चावल की जगह मिला नमक
गन्नौर स्थित कंपनी में ट्रक के दस्तावेज और वजन की जांच की गई। इसके बाद कंटेनर को रेलगाड़ी के माध्यम से गुजरात के मुंद्रा पोर्ट भेज दिया गया। वहां से समुद्री रास्ते के जरिए कंटेनर जॉर्डन पहुंचा।
जब जॉर्डन में कंटेनर खोला गया तो उसमें बासमती चावल की जगह करीब 22 टन नमक भरा हुआ मिला। कंटेनर में चावल की जगह नमक मिलने की जानकारी मिलने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ।
ऑस्कर शिपिंग के मालिक कुलदीप ठाकुर ने ईमेल के माध्यम से इसकी सूचना DICT कंपनी को दी। इसके बाद कंपनी ने मामले की शिकायत पुलिस को दी और चावल की खेप गायब होने की जांच शुरू हुई।
कंटेनर की सील से छेड़छाड़ कर चावल बदलने का आरोप
शिकायतकर्ता मुकेश कुमार ने आरोप लगाया कि ट्रक ड्राइवर विशाल कुमार ने रास्ते में कंटेनर की सील के साथ छेड़छाड़ की। कंटेनर पर लगी सील का नंबर BOLT 52248242 था।
आरोप है कि ड्राइवर ने रास्ते में कंटेनर से बासमती चावल चोरी कर लिए और उनकी जगह नमक भर दिया। इसके बाद कंटेनर की सील दोबारा लगा दी, ताकि किसी को शक न हो।
शिकायत में कंपनी को करीब 22 लाख रुपये का नुकसान होने की बात कही गई। इसके अलावा ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक से संपर्क करने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलने का आरोप लगाया गया।
जांच में DICT, ट्रांसपोर्ट कंपनी और फैक्ट्री के कर्मचारियों के बयान दर्ज
मामले की जांच पहले उपनिरीक्षक जगदीश ने की। इसके बाद जांच की जिम्मेदारी पीएसआई बिट्टू रावल को सौंपी गई।
जांच के दौरान शिकायतकर्ता मुकेश कुमार, उज्ज्वल ट्रांसपोर्ट के प्रतिनिधि संजीव कुमार और ओलम एग्री इंडिया के कर्मचारी प्रयांशु मिश्रा के बयान दर्ज किए गए।
जांच में सामने आया कि ओलम एग्री इंडिया ने जॉर्डन की कंपनी को 22 टन बासमती चावल बेचा था। इस खेप को विदेश तक पहुंचाने की जिम्मेदारी DICT कंपनी को दी गई थी।
पुलिस ने मामले से जुड़े लोगों के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। शिकायतकर्ता और ट्रांसपोर्ट कंपनी के प्रतिनिधि ने भी चावल गायब करने का संदेह ट्रक ड्राइवर विशाल कुमार पर जताया।
नौकरी छोड़कर गायब हुआ ड्राइवर, बताए गए पते पर भी नहीं मिला
पुलिस जांच के अनुसार, चावल की ढुलाई करने के कुछ समय बाद ही ड्राइवर विशाल कुमार ने ट्रांसपोर्ट कंपनी की नौकरी छोड़ दी थी।
पुलिस ने उसे जांच में शामिल करने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने बताए गए पते पर भी नहीं मिला। ड्राइवर के नौकरी छोड़ने और उपलब्ध पते पर नहीं मिलने के बाद मामले में संदेह और गहरा गया।
हालांकि, पुलिस की जांच में ड्राइवर के खिलाफ लगाए गए आरोपों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की गई है।
जांच रिपोर्ट के बाद गन्नौर थाने में दर्ज हुई FIR
पीएसआई बिट्टू रावल ने मामले की जांच रिपोर्ट तैयार की। इसमें धारा 316(4) बीएनएस के तहत गबन का मामला दर्ज करने की अनुमति मांगी गई थी।
जांच रिपोर्ट सहायक पुलिस आयुक्त गन्नौर के माध्यम से पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन को भेजी गई। वहां से अनुमति मिलने के बाद थाना गन्नौर पुलिस ने ड्राइवर विशाल कुमार के खिलाफ धारा 316(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
अब मामले की आगामी जांच पीएसआई बिट्टू रावल को सौंपी गई है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
pooja