लक्ष्मण नापा की घर वापसी, कांग्रेस छोड़ फिर BJP में शामिल

फतेहाबाद के पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा ने कांग्रेस छोड़कर फिर भाजपा जॉइन की। उन्होंने पीएम मोदी और सीएम सैनी की नीतियों से प्रभावित होकर वापसी की बात कही।

लक्ष्मण नापा की घर वापसी, कांग्रेस छोड़ फिर BJP में शामिल

लक्ष्मण नापा ने कांग्रेस छोड़कर फिर थामा भाजपा का दामन
PM मोदी और CM नायब सैनी की नीतियों से प्रभावित होने की बात कही
2024 में टिकट कटने पर BJP छोड़ी, अब वापसी से रतिया राजनीति गरमाई


हरियाणा के फतेहाबाद जिले की रतिया विधानसभा सीट से पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी में वापसी कर ली है। उन्होंने हिसार के उकलाना में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली और जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा की मौजूदगी में भाजपा का दामन थामा।

नापा ने सितंबर 2024 में भाजपा द्वारा टिकट काटे जाने के बाद नाराज होकर पार्टी छोड़ दी थी और कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उस समय वह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खेमे के करीब माने जाते थे। हालांकि चुनाव के बाद से वह कांग्रेस में ज्यादा सक्रिय नजर नहीं आए।

भाजपा में वापसी पर लक्ष्मण नापा ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की नीतियों और कार्यशैली से प्रभावित होकर “अपने घर” लौटे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह अब रतिया क्षेत्र में पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे

नापा के साथ उनके कई समर्थकों ने भी भाजपा जॉइन की, जिससे स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि उनकी वापसी से रतिया सीट पर भाजपा को मजबूती मिल सकती है।

साल 2019 के विधानसभा चुनाव में लक्ष्मण नापा ने पहली बार भाजपा को रतिया सीट से जीत दिलाई थी। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार जरनैल सिंह को मामूली अंतर से हराया था। उस चुनाव में नापा को 55,160 वोट मिले थे, जबकि जरनैल सिंह को 53,944 वोट प्राप्त हुए थे।

हालांकि हाल ही में रतिया क्षेत्र में कांग्रेस को लगातार झटके लग रहे हैं। मौजूदा विधायक जरनैल सिंह का नाम भी राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर चर्चा में रहा और वह खुले तौर पर भाजपा सरकार की तारीफ करते नजर आए। ऐसे में लक्ष्मण नापा की वापसी को कांग्रेस के लिए एक और बड़ा झटका माना जा रहा है।

इस बीच, भाजपा की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने भी कुछ समय पहले एक जनसभा में बिना नाम लिए नापा पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि विधायक से विकास की उम्मीद थी, लेकिन क्षेत्र का “सत्यानाश” हो गया। उनके इस बयान को नापा पर तंज के रूप में देखा गया था।