लोहारू में झुप्पा रोड बदहाल, अधूरा निर्माण बना परेशानी
लोहारू के झुप्पा रोड पर अधूरा निर्माण कार्य और गड्ढों में भरे पानी से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
■ लोहारू के झुप्पा रोड पर अधूरा निर्माण बना मुसीबत
■ गड्ढों में भरे पानी से राहगीर और स्कूली बच्चे परेशान
■ शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं, नगर पालिका पर लापरवाही के आरोप
भिवानी जिले के Loharu नगर के पुराने शहर में स्थित झुप्पा रोड इन दिनों बदहाली का शिकार है। यहां सड़क निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुरानी सड़क को तोड़ने के बाद नई सड़क का निर्माण बीच में ही रोक दिया गया, जिससे पूरा मार्ग उबड़-खाबड़ हो गया है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बरसात का पानी जमा हो गया है, जो हादसों को न्योता दे रहा है।
यह सड़क क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है, क्योंकि इसी रास्ते से झुप्पा, दादरी और सतनाली जैसे इलाकों के लिए आवाजाही होती है। इसके अलावा इस मार्ग पर दो श्मशान भूमि भी स्थित हैं, जिससे अंतिम संस्कार के लिए जाने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और आए दिन फिसलने व गिरने की घटनाओं का खतरा बना रहता है।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि नगर पालिका की लापरवाही और मनमानी के चलते यह स्थिति पैदा हुई है। सड़क की दुर्दशा का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है, जिन्हें रोजाना इसी खतरनाक रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। अभिभावकों में भी इसको लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।
लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक कई बार शिकायत की जा चुकी है। यहां तक कि एसडीएम को भी इस मामले से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। नगर पालिका के प्रधान और संबंधित अधिकारी इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं, जिससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
हालांकि, इस संबंध में नगर पालिका सचिव तेजपाल का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी किया जा चुका है और जल्द ही काम शुरू करवाया जाएगा। लेकिन स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब तक जमीन पर काम शुरू नहीं होता, तब तक आश्वासन से कोई राहत नहीं मिलने वाली। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
shubham