पानीपत के ट्रांसपोर्टर सुब्रमण्यम पर गोली बरसाने वालों का एनकाउंटर, तीन धरे, दो बदमाशों को लगी गोली, एक नाबालिग

पानीपत में ट्रांसपोर्टर सुब्रमण्यम पर जानलेवा हमला करने वाले तीन बदमाश पुलिस मुठभेड़ में काबू। STF सोनीपत और CIA की संयुक्त कार्रवाई, दो घायल।

पानीपत के ट्रांसपोर्टर सुब्रमण्यम पर गोली बरसाने वालों का एनकाउंटर, तीन धरे, दो बदमाशों को लगी गोली,  एक नाबालिग
  • ट्रांसपोर्टर सुब्रमण्यम पर हमला करने वाले तीनों बदमाश मुठभेड़ में काबू
  • दो बदमाशों के पैर में गोली, एक नाबालिग गिरफ्तार
  • पानीपत CIA-1 और STF सोनीपत की संयुक्त कार्रवाई

हरियाणा के पानीपत में ट्रांसपोर्टर सी. सुब्रमण्यम पर जानलेवा हमला करने वाले तीनों बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया है। यह कार्रवाई पानीपत CIA-1 और STF सोनीपत की संयुक्त टीम ने की है।

पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ थाना इसराना क्षेत्र में पानीपत-गोहाना रोड से जौंधन खुर्द जाने वाले रास्ते पर अल सुबह हुई। जब पुलिस टीम ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाशों को काबू किया।

मुठभेड़ के दौरान नौल्था निवासी सुनील उर्फ गुंडा और डाहर निवासी प्रिंस के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरा आरोपी नाबालिग है, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपियों को पानीपत सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि 24 जनवरी को फिरौती न देने पर ट्रांसपोर्टर सुब्रमण्यम पर फायरिंग करवाई गई थी। इस वारदात को अंजाम देने के पीछे गैंगस्टर शीलू डहार का नाम सामने आया है।

पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है, ताकि गैंग से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।