पूजा ढांडा की शादी में पहुंचे बृजभूषण, बोले—बजरंग-विनेश का समय खत्म

रेसलर पूजा ढांडा ने अभिषेक बूरा से शादी की। समारोह में बृजभूषण शरण सिंह पहुंचे और बजरंग-विनेश पर टिप्पणी की। कहा—उनका खेल का समय खत्म, राजनीति में जाना सही फैसला।

पूजा ढांडा की शादी में पहुंचे बृजभूषण, बोले—बजरंग-विनेश का समय खत्म

➤पूजा ढांडा की शादी में पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह

➤बजरंग-विनेश पर साधा निशाना, कहा—खेल में उनका समय खत्म

➤8 साल पुराना वादा निभाने हिसार आए पूर्व WFI अध्यक्ष


हरियाणा की इंटरनेशनल रेसलर पूजा ढांडा गुरुवार को परिणय सूत्र में बंध गईं। उन्होंने हिसार के गांव घिराय के रहने वाले बिजनेसमैन अभिषेक बूरा के साथ सात फेरे लिए। हिसार के ताज पैलेस में आयोजित इस विवाह समारोह में भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह भी विशेष रूप से शामिल हुए।

बृजभूषण शरण सिंह ने पूजा ढांडा और उनके पिता अजमेर ढांडा से मुलाकात की। उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्होंने 8 साल पहले पूजा से वादा किया था कि वह उसकी शादी में जरूर आएंगे और वह आज उसी पुराने वचन को निभाने हिसार पहुंचे हैं।

रेसलर पूजा ढांडा ने अभिषेक बूरा संग हिसार के ताज पैलेस में सात फेरे लिए हैं।

बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट का नाम लिए बिना उन्होंने दोनों के राजनीति में जाने पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का एक समय होता है और जिनका समय पूरा हो चुका है, उनका राजनीति में जाना सही फैसला है। बृजभूषण ने कहा कि अच्छा हुआ वे राजनीति में चले गए, उन्होंने सही समय पर सही काम किया है।

पूजा ढांडा ने कुश्ती की शुरुआत हिसार के महावीर स्टेडियम से की थी और आज वहीं बच्चों को ट्रेनिंग देती हैं। पूजा ढांडा कॉमनवेल्थ गेम्स मेडलिस्ट हैं और यूथ ओलिंपिक में भारत के लिए रजत पदक जीत चुकी हैं। एक समय उन्हें आमिर खान की फिल्म दंगल में बबीता फोगाट का रोल ऑफर हुआ था, लेकिन चोट के कारण वह यह रोल नहीं कर सकीं।

बृजभूषण शरण सिंह के सामने डांस करते पूजा ढांडा के पिता अजमेर ढांडा।

दूल्हे अभिषेक बूरा का परिवार भी खेल से गहरे रूप से जुड़ा रहा है। उनके पिता स्वर्गीय सूबे सिंह बूरा कुश्ती कोच रहे हैं, दादा शंकर जंग बहादुर व अन्य परिजन भी कई खेलों से जुड़े रहे हैं।

वर माला से पहले पूजा के भाई उसे स्टेज पर ले जाते हुए।

समारोह में पूजा के पिता अजमेर ढांडा ने बृजभूषण शरण सिंह के सामने मंच पर डांस कर सभी का दिल जीता। शादी के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और माहौल खुशनुमा रहा।

वरमाला के बाद अभिषेक बूरा और पूजा ढांडा ने एक दूसरे को हाथ जोड़कर प्रणाम किया।

बृजभूषण शरण सिंह ने इंटरव्यू में कहा कि हरियाणा में कुश्ती का भविष्य शानदार है। अंतिम पंघाल सहित कई बेटियां विश्व स्तर पर मेडल जीत रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार खिलाड़ियों को दुनिया में सबसे अच्छी सुविधाएं दे रही है और आज भारत कुछ गिने-चुने देशों में शामिल है जिसकी पूरी टीमें बड़े टूर्नामेंटों में भेजी जाती हैं।