PM से पहले 24 को केंद्रीय रक्षा मंत्री आएंगे हरियाणा: गीता जयंती महोत्सव में होंगे शामिल, ब्रह्मसरोवर में पवेलियन का शुभारंभ करेंगे

कुरुक्षेत्र में गीता जयंती महोत्सव के बीच 24 नवंबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पवेलियन का उद्घाटन करेंगे। 25 नवंबर को PM मोदी महाआरती और शहीदी दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

PM से पहले 24 को केंद्रीय रक्षा मंत्री आएंगे हरियाणा: गीता जयंती महोत्सव में होंगे शामिल, ब्रह्मसरोवर में पवेलियन का शुभारंभ करेंगे

  • 24 नवंबर को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में शामिल होंगे

  • ब्रह्मसरोवर स्थित हरियाणा पवेलियन और गीता सदन का करेंगे शुभारंभ

  • 25 नवंबर को PM नरेंद्र मोदी ज्योतिसर में महाआरती व शहीदी दिवस समारोह में होंगे शामिल



कुरुक्षेत्र में चल रहे अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में इस बार देश की कई बड़ी हस्तियां शिरकत करने जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से एक दिन पहले केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 24 नवंबर को कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे। वह यहां ब्रह्मसरोवर स्थित हरियाणा पवेलियन का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में श्रीमद्भागवत गीता सदन में आयोजित तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय गीता संगोष्ठी का उद्घाटन भी करेंगे।

यह महोत्सव 15 नवंबर से जारी है और इस बार लोगों में इसकी आस्था व उत्साह पहले से कहीं अधिक देखने को मिल रहा है। अनुमान है कि पूरे कार्यक्रम के दौरान 70 लाख से अधिक श्रद्धालु कुरुक्षेत्र पहुंच सकते हैं। विदेश मंत्रालय के सहयोग से इस बार 50 देशों में गीता जयंती समारोह मनाया जा रहा है, जबकि मध्य प्रदेश को सहयोगी राज्य बनाया गया है।

शहर को महोत्सव से पहले पूरी तरह सजाया जा रहा है। साफ-सफाई अभियान तेज किया गया है और ब्रह्मसरोवर से लेकर ज्योतिसर तक रोशनी की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। कुरुक्षेत्र के सभी प्रमुख चौकों को महाभारत थीम पर तैयार किया जा रहा है।

कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार तुषार सैनी ने बताया कि 24 नवंबर को गीता सदन का उद्घाटन किया जाएगा, जिसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरे शहर में उत्सव माहौल बनाया जा रहा है।

25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ज्योतिसर में आयोजित महाआरती में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही वह श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। ज्योतिसर स्थित 155 एकड़ में विशाल पंडाल तैयार किया गया है। प्रदेशभर से करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।