रणवीर सिंह बने भारत के सबसे महंगे एक्टर, कमाए 325 करोड़,'धुरंधर' ने बदली रणवीर सिंह की किस्मत, बनाया सबसे ज्यादा कमाई वाला स्टार
रणवीर सिंह ने फिल्म 'धुरंधर' से कथित तौर पर 325 करोड़ रुपये की कमाई की है। प्रॉफिट शेयरिंग मॉडल के जरिए वह भारत के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले अभिनेता बनने के दावों में हैं।
रणवीर सिंह ने एक प्रोजेक्ट से करीब 325 करोड़ रुपये की कमाई की
फिल्म 'धुरंधर' में प्रॉफिट शेयरिंग मॉडल से मिला बड़ा फायदा
कमाई के मामले में शाहरुख खान, रजनीकांत, प्रभास और अल्लू अर्जुन को पीछे छोड़ने का दावा
भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों की फीस लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। इसी बीच अभिनेता रणवीर सिंह को लेकर एक बड़ा दावा सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रणवीर सिंह ने अपनी फिल्म 'धुरंधर' से करीब 325 करोड़ रुपये की कमाई की है, जो किसी भी भारतीय अभिनेता द्वारा एक प्रोजेक्ट से हासिल की गई सबसे बड़ी रकम मानी जा रही है।
बताया जा रहा है कि रणवीर सिंह ने इस फिल्म के लिए पारंपरिक फीस मॉडल की बजाय प्रॉफिट शेयरिंग मॉडल अपनाया था। यानी उन्होंने तय फीस लेने के बजाय फिल्म के मुनाफे में हिस्सेदारी ली। इसी रणनीति ने उनकी कमाई को रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा दिया।
रिपोर्ट्स के अनुसार 'धुरंधर' दो भागों में रिलीज हुई और दोनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। दोनों पार्ट्स ने मिलकर दुनियाभर में करीब 3200 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इनमें से भारत में ही लगभग 1900 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन दर्ज किया गया।
जानकारी के मुताबिक फिल्म का बजट बढ़ने पर रणवीर सिंह ने स्वयं भी निवेश किया था। इससे फिल्म के मुनाफे में उनकी हिस्सेदारी और बढ़ गई। थिएटर कलेक्शन के अलावा डिजिटल राइट्स, सैटेलाइट राइट्स और म्यूजिक राइट्स से हुई आय का लाभ भी उन्हें मिला।
इसी वजह से रणवीर सिंह की कुल कमाई करीब 325 करोड़ रुपये तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है। यदि यह आंकड़ा सही साबित होता है तो वह भारत के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले अभिनेता बन जाएंगे।
इससे पहले सबसे अधिक कमाई का रिकॉर्ड अभिनेता रजनीकांत के नाम बताया जाता रहा है, जिन्होंने फिल्म 'जेलर' से 250 करोड़ रुपये से अधिक कमाए थे। वहीं अल्लू अर्जुन और प्रभास भी अपनी फिल्मों 'पुष्पा 2' और 'कल्कि 2898 एडी' से 200 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाई कर चुके हैं।
बॉलीवुड में इससे पहले सबसे ज्यादा फीस पाने वाले अभिनेताओं में शाहरुख खान का नाम प्रमुख रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने 'पठान' और 'जवान' जैसी फिल्मों से करीब 200 करोड़ रुपये प्रति फिल्म कमाए थे।
फिल्म इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि पिछले तीन दशकों में कलाकारों की कमाई में भारी बदलाव आया है। 90 के दशक में जहां एक करोड़ रुपये की फीस बड़ी उपलब्धि मानी जाती थी, वहीं अब बड़े सितारे सैकड़ों करोड़ रुपये तक की कमाई कर रहे हैं।
pooja