इस बार 10 दिनों की रहेगी नवरात्रि, 11वें दिन होगा विजयादशमी का पर्व

शारदीय नवरात्रि 2025 का शुभारंभ 22 सितंबर सोमवार से होगा। पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा का विधान है। कलश स्थापना के लिए सुबह और अभिजीत मुहूर्त विशेष शुभ माने गए हैं।

इस बार 10 दिनों की रहेगी नवरात्रि, 11वें दिन होगा विजयादशमी का पर्व

शारदीय नवरात्रि 2025 का शुभारंभ 22 सितंबर से
पहले दिन मां शैलपुत्री की होगी पूजा
कलश स्थापना के लिए सुबह और अभिजीत मुहूर्त उत्तम


इस साल शारदीय नवरात्रि 2025 को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। कारण यह रहा कि आश्विन माह की शुक्ल प्रतिपदा तिथि 21 सितंबर और 22 सितंबर दोनों दिन पड़ रही है। ऐसे में भक्तों के मन में सवाल था कि नवरात्रि का शुभारंभ किस दिन से माना जाएगा।

महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय उज्जैन के ज्योतिषाचार्य डॉ. मृत्युञ्जय तिवारी के अनुसार नवरात्रि व्रत की शुरुआत उदयातिथि से मानी जाती है। 21 सितंबर रविवार को सूर्योदय के समय आश्विन अमावस्या है जबकि 22 सितंबर सोमवार को सूर्योदय के समय आश्विन शुक्ल प्रतिपदा होगी। इसी कारण इस साल की शारदीय नवरात्रि का पहला दिन 22 सितंबर सोमवार को होगा।

इस बार की शारदीय नवरात्रि 10 दिनों की होगी और 11वें दिन विजयादशमी या दुर्गा विसर्जन किया जाएगा। नवरात्रि के पहले दिन भक्त मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना करेंगे।

कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त

  • सुबह का मुहूर्त: 6:19 बजे से 7:49 बजे तक

  • दूसरा मुहूर्त: 9:14 बजे से 10:45 बजे तक

  • अभिजीत मुहूर्त: 11:55 बजे से 12:43 बजे तक

इस बार की घटस्थापना शुक्ल योग में होगी, जो प्रात:काल से शाम 7:59 बजे तक रहेगा। सुबह में उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र रहेगा जो 11:24 एएम तक है, इसके बाद हस्त नक्षत्र आरंभ होगा। यह संयोग इस नवरात्रि को और भी शुभ बना रहा है।