जमीन के लिए बेटे ने कर दी पिता की हत्या!

सिरसा के डबवाली में जमीन विवाद के चलते बेटे ने पिता की हत्या कर दी। बहन की संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद बना वारदात की वजह।

जमीन के लिए बेटे ने कर दी पिता की हत्या!

सिरसा के डबवाली में बेटे ने पिता की हत्या
जमीनी विवाद और बहन के हिस्से को लेकर बढ़ा तनाव
पुलिस जांच जारी, आरोपी बेटा हिरासत में


हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां जमीनी विवाद के चलते एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। घटना रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 65 वर्षीय जसवंत सिंह निवासी गांव अहमदपुर दारेवाला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जसवंत सिंह खेत में पानी लगाकर घर लौटे थे। जैसे ही वह घर पहुंचे, उनके बेटे राम सिंह ने घर के सामने ही उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

परिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो मृतक जसवंत सिंह के तीन बेटे और एक बेटी हैं। इनमें से एक बेटे का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि एक बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। आरोपी राम सिंह अपने पिता के साथ ही गांव में रहता था और दोनों के बीच अक्सर जमीन को लेकर विवाद होता रहता था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद की जड़ बहन की जमीन थी। बताया जा रहा है कि राम सिंह अपनी विवाहित बहन की जमीन पर कब्जा करना चाहता था। कुछ समय पहले उसके जीजा की भी मृत्यु हो चुकी थी, जिसके बाद वह बहन की संपत्ति की देखरेख कर रहा था। आरोप है कि उसने जमीन का कुछ हिस्सा बेच दिया था, लेकिन पूरी रकम बहन को नहीं दी।

जब जसवंत सिंह को इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने बेटे को बेटी का हक मारने से रोका। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच लगातार तनाव बढ़ता गया। रविवार रात इसी विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया और बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।