छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौटते समय हरियाणा का जवान शहीद
हरियाणा के सिरसा निवासी SSB जवान सुरजीत सिंह गुवाहाटी में ट्रक पलटने से शहीद हो गए। छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौट रहे थे।
- छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौटते समय हरियाणा का जवान शहीद
- गुवाहाटी में ट्रक पलटने से हुआ दर्दनाक हादसा
- 23 दिसंबर को दिल्ली से सिरसा पहुंचेगी पार्थिव देह
हरियाणा के सिरसा जिले के गांव ढूकड़ा निवासी जवान सुरजीत सिंह गुवाहाटी में सड़क हादसे का शिकार होकर शहीद हो गए। वह शस्त्र सीमा बल में तैनात थे और वर्तमान में उनकी पोस्टिंग अरुणाचल प्रदेश में थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार सुरजीत सिंह हाल ही में 15 दिन की छुट्टी बिताकर 20 दिसंबर को ड्यूटी पर लौटे थे। गुवाहाटी में निजी वाहन से जाते समय एक ट्रक पलट गया, जिसमें जवान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि उन्हें बचाया नहीं जा सका।
जिला प्रशासन और सेना के अधिकारियों ने परिवार से संपर्क कर जानकारी दी कि शहीद जवान की पार्थिव देह मंगलवार 23 दिसंबर को दिल्ली लाई जाएगी। इसके बाद पार्थिव देह को सिरसा के पैतृक गांव ढूकड़ा ले जाया जाएगा, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सुरजीत सिंह किसान भंवरलाल सिंह के तीन बेटों में सबसे बड़े थे। उन्होंने ढूकड़ा के राजकीय स्कूल से दसवीं कक्षा की पढ़ाई की थी और वर्ष 2013 में शस्त्र सीमा बल में भर्ती हुए थे। उनकी पत्नी सीमा रानी नेजाडेला कलां गांव की रहने वाली हैं। उनके दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा राहुल दसवीं और छोटा बेटा अश्वनी सातवीं कक्षा में पढ़ता है।
गांव के लोगों ने बताया कि सुरजीत सिंह केवल एक जवान ही नहीं बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत थे। वे गांव में खेल मैदान के लिए प्रयासरत रहते थे और सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं का मार्गदर्शन करते थे। उनके शहीद होने से गांव, प्रदेश और देश को अपूरणीय क्षति हुई है।
Author1