सोनीपत में हाईवे के नीचे मिला युवती का शव, हत्या की आशंका

सोनीपत के गोहाना में ड्रेन नंबर-8 के किनारे युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस को हत्या का शक है। शव पर ब्रांडेड कपड़े और हाथ पर अंग्रेजी अक्षर लिखे मिले। शिनाख्त और जांच जारी।

सोनीपत में हाईवे के नीचे मिला युवती का शव, हत्या की आशंका

गोहाना में ड्रेन किनारे मिला युवती का शव पुलिस को हत्या का शक
ब्रांडेड कपड़े और हाथ पर अंग्रेजी अक्षर शिनाख्त में जुटी टीम
FSL और पुलिस की जांच जारी आसपास के जिलों में गुमशुदगी खंगाली


 हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवती का शव नेशनल ग्रीन हाईवे-44 के नीचे से गुजर रही ड्रेन नंबर-8 के किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला। शव की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया।

पुलिस के अनुसार, महिला ने क्रीम कलर की जींस और काले रंग की कॉलर वाली टी-शर्ट पहनी हुई है - Dainik Bhaskar

गोहाना सदर थाना प्रभारी लाल सिंह ने बताया कि शव गांव महमूदपुर के पास मिला। युवती की उम्र करीब 28 वर्ष बताई जा रही है। शव ड्रेन से लगभग 7-8 फीट दूर झाड़ियों में पड़ा था। प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि युवती की हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां फेंका गया। अनुमान है कि शव को हाईवे के ऊपर से नीचे ड्रेन किनारे फेंका गया होगा, जिसकी ऊँचाई लगभग 30 से 40 फीट है।

पुलिस का मानना है कि शव ज्यादा पुराना नहीं है और इसे देर रात या सुबह ही यहां छोड़ा गया। युवती ने ब्रांडेड कंपनियों के कपड़े पहन रखे थे—उसने क्रीम कलर की जींस और काले रंग की कॉलर वाली टी-शर्ट पहनी हुई थी, जिस पर CK और Zara Men लिखा हुआ था। इसके अलावा युवती के हाथ पर अंग्रेजी में “LS” या “NS” अंकित था।

पुलिस टीम ने युवती और घटनास्थल के पास गहनता से जांच की।

मृतका के शव पर चोटों के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, लेकिन जिस तरीके से शव को सुनसान इलाके में फेंका गया, उससे पुलिस को सोची-समझी साजिश का संदेह है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर खानपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।

जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस ने आसपास के थानों और जिलों में सूचना भेज दी है और गुमशुदगी के मामलों को खंगाला जा रहा है। वहीं, घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) टीम ने हर एंगल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है, ताकि हत्यारों का कोई सुराग मिल सके।

यह हत्या क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर गई है। स्थानीय लोग घटनास्थल पर भारी संख्या में पहुंचे और पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की।