हरियाणा में भाजपा का कुशासन चरम पर: कानून व्यवस्था फेल, युवाओं की नौकरियां छीनी जा रहीं, केंद्रीय बजट आम आदमी के साथ धोखा – आप
पानीपत में आम आदमी पार्टी की बैठक में भाजपा सरकार पर तीखा हमला। कानून व्यवस्था फेल, हरियाणवी युवाओं की नौकरियां छीनी जा रहीं और केंद्रीय बजट को आम आदमी के साथ धोखा बताया।
➤ आप की संगठनात्मक बैठक में भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखा हमला
➤ कानून व्यवस्था ध्वस्त, महिलाएं और आम नागरिक असुरक्षित – सुरेंद्र अहलावत
➤ केंद्रीय बजट को गरीब, किसान और युवाओं के साथ छल बताया
पानीपत। आम आदमी पार्टी की पानीपत इकाई की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेंद्र अहलावत के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। बैठक में केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें जनविरोधी, पूंजीपतिपरस्त और विफल शासन का प्रतीक बताया गया। वक्ताओं ने साफ कहा कि हरियाणा में भाजपा का कुशासन अपने चरम पर है और आम आदमी पार्टी इसके खिलाफ सड़कों से लेकर चुनावी मैदान तक निर्णायक संघर्ष लड़ेगी।
बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुखबीर मलिक, लोकसभा अध्यक्ष करनाल अजय सिंगला, लोकसभा उपाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र जेसिया, जिला सचिव योगेश कौशिक, जिलाध्यक्ष जसबीर जस्सा, प्रीतपाल खेड़ा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत संत शिरोमणि रविदास जी की जयंती पर उन्हें नमन कर की गई। वक्ताओं ने कहा कि समता, समानता और सामाजिक न्याय की बात करने वाली भाजपा सरकार आज इन्हीं मूल्यों को कुचलने का काम कर रही है।
प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेंद्र अहलावत ने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। उन्होंने कहा, “प्रदेश में अपराधी बेखौफ हैं, महिलाएं और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, जबकि भाजपा सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। यह शासन नहीं, बल्कि विफलता का मॉडल है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा की नौकरियों में हरियाणवी युवाओं की हिस्सेदारी लगातार घटाई जा रही है और बाहरी लोगों को जानबूझकर लाभ पहुंचाया जा रहा है।
लोकसभा अध्यक्ष करनाल अजय सिंगला ने केंद्रीय बजट को आम जनता के साथ खुला धोखा बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं के लिए पूरी तरह निराशाजनक है। “इस बजट में न रोजगार है, न महंगाई से राहत और न किसानों के लिए कोई ठोस समाधान। यह बजट केवल चंद पूंजीपतियों और कॉरपोरेट घरानों के फायदे के लिए बनाया गया है,” उन्होंने कहा।
लोकसभा उपाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र जेसिया ने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों का जवाब मजबूत संगठन से दिया जाएगा। उन्होंने हर वार्ड और हर बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम खड़ी करने का आह्वान किया ताकि भाजपा को जमीनी स्तर पर चुनौती दी जा सके।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुखबीर मलिक ने कहा कि आम आदमी पार्टी आने वाले सभी चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। उन्होंने बताया कि संगठनात्मक रणनीति के तहत पानीपत के कार्यकर्ताओं की ड्यूटी सोनीपत में भी लगाई गई है, ताकि भाजपा को हर मोर्चे पर घेरा जा सके।
बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि आम आदमी पार्टी हरियाणा में भाजपा के कुशासन के खिलाफ सड़कों से लेकर विधानसभा और लोकसभा तक निर्णायक लड़ाई लड़ेगी। इस मौके पर जिला युवा अध्यक्ष मनीष रोड, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र आर्य, विनोद कुमार, अमित नौहरा, सुरेंद्र मांडी, श्यामलाल पहाड़िया, सुमेर रोड शिमला, राजेंद्र बिंझौल, मनीष दुबे, चिमन लाल और राममेहर कुटानी सहित अनेक नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Akhil Mahajan