हरियाणा में मौसम का अलर्ट! तेज हवा, बारिश और ओले की चेतावनी 6 जिलों में ओरेंज अलर्ट
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना है। 6 जिलों में ओरेंज और 16 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने किसानों को सिंचाई और दवा छिड़काव रोकने की सलाह दी है।
■ हरियाणा के 6 जिलों में ओरेंज और 16 जिलों में यलो अलर्ट जारी
■ 40–60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
■ मौसम विभाग ने किसानों को सिंचाई और दवा छिड़काव रोकने की सलाह दी
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। खासतौर पर उत्तरी हरियाणा के अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल जिलों में ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज हवा के साथ ओले गिरने की भी आशंका है, जिससे फसलों को नुकसान हो सकता है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य 16 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पूरे हरियाणा में आज 40 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन और खेती पर असर पड़ सकता है।
मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सलाह जारी करते हुए कहा है कि बारिश की संभावना को देखते हुए फिलहाल सिंचाई और दवा का छिड़काव न करें, क्योंकि तेज हवा और बारिश से दवा का असर खत्म हो सकता है और फसल को नुकसान हो सकता है। वहीं मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिलेगा और अगले 48 घंटों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
पिछले 24 घंटे के तापमान पर नजर डालें तो नूंह जिला सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.7°C दर्ज किया गया। इसके अलावा भिवानी (34.4°C), महेंद्रगढ़ (34.2°C), चरखी दादरी (34.0°C) और हिसार (33.9°C) भी गर्म जिलों में शामिल रहे। वहीं यमुनानगर (हथिनीकुंड) में करीब 30.3°C तापमान दर्ज किया गया, जो सबसे कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार 30 मार्च तक मौसम खराब बना रह सकता है, खासकर उत्तरी और पूर्वी हरियाणा में बारिश और तेज हवाओं का ज्यादा असर रहेगा। 31 मार्च से मौसम साफ होने की संभावना जताई गई है।
shubham