करनाल के खाटू श्याम मंदिर में लाखों की चोरी, दो दानपात्र ले उड़े चोर
करनाल के खाटू श्याम मंदिर में चोर आधी रात दो दानपात्र चोरी कर ले गए। सीसीटीवी में पूरी वारदात कैद हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
करनाल के खाटू श्याम मंदिर से आधी रात दो दानपात्र चोरी
• बाइक पर आए बदमाश सीसीटीवी में कैद, लाखों रुपये ले जाने का अनुमान
• मंदिर का दरवाजा तोड़कर घुसे चोर, पुलिस ने शुरू की जांच
करनाल में स्थित खाटू श्याम मंदिर में आधी रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बदमाश मंदिर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखे दो दानपात्र चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद मंदिर प्रबंधन में हड़कंप मच गया।
चोरी की पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार चोर बाइक पर सवार होकर मंदिर पहुंचे थे। एक आरोपी ने काले रंग के कपड़े और हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरे आरोपी ने लाल कपड़े पहनकर अपने चेहरे को लाल कपड़े से ढक रखा था।
फुटेज में एक आरोपी सफेद कपड़े से मुंह ढके हुए मंदिर से दो दानपात्र उठाकर बाइक पर बैठता दिखाई दे रहा है। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुबह खुला चोरी का राज
मंदिर प्रबंधन के अनुसार सुबह जब पंडित त्रिपाठी मंदिर पहुंचे तो उन्होंने मुख्य दरवाजा टूटा हुआ पाया। अंदर जाकर देखा तो दोनों दानपात्र गायब थे।
इसके बाद उन्होंने तुरंत मंदिर प्रबंधन को सूचना दी। प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस को मौके पर बुलाया गया और मामले की जानकारी दी गई।
गार्ड की भूमिका भी जांच के घेरे में
मंदिर में तैनात गार्ड बालकिशन ने बताया कि वह रात के समय राउंड पर था, लेकिन उसे चोरी की भनक तक नहीं लगी। उसे घटना की जानकारी सुबह पंडित त्रिपाठी से मिली।
अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई। गार्ड की भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
सवा लाख रुपये होने का अनुमान
पुलिस कर्मचारी संजीत कुमार ने बताया कि चोर मंदिर के दो दानपात्र अपने साथ ले गए हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार दोनों दानपात्रों में करीब सवा लाख रुपये तक की नकदी हो सकती है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों के कैमरों की भी जांच की जा रही है।
pooja