सोनीपत में लव मैरिज के बाद युवती ने की खर्चे की मांग और कर ली दूसरी शादी, युवक पर ससुराल वालों ने किया जान लेवा हमला
सोनीपत में लव मैरिज विवाद में युवक कुणाल पर ससुराल वालों ने डंडों से हमला किया। युवती ने पहले कोर्ट मैरिज की, खर्चे की मांग की और दूसरी शादी कर ली। पुलिस ने युवती के पिता, चाचा और अन्य 4-5 लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू की।
➤ सोनीपत में लव मैरिज विवाद में युवक कुणाल पर ससुराल वालों का हमला
➤ युवती ने कोर्ट मैरिज के बाद खर्चे की मांग और दूसरी शादी की
➤ पुलिस ने युवती के पिता, चाचा और अन्य 4-5 लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू की
सुशील मोर
हरियाणा के सोनीपत जिले में एक लव मैरिज से शुरू हुआ रिश्ता अब बड़े विवाद में बदल गया है। कुणाल (25) निवासी पट्टी कल्याणा ने पिछले साल दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में अपनी प्रेमिका से शादी की थी। शुरुआत में दोनों कुछ समय तक साथ रहे, लेकिन बाद में युवती अचानक घर से चली गई। इसके बाद युवती ने कुणाल से 30 हजार रुपए प्रति माह खर्चे की डिमांड कर दी, जबकि कुणाल की सैलरी सिर्फ 12 हजार रुपए है।
साल 2024 में युवती के परिजन ने उसे उत्तर प्रदेश के शामली में दूसरी शादी करा दी। इस मामले की अगली कोर्ट सुनवाई 25 अक्टूबर को होगी।
24 सितंबर को कुणाल गन्नौर से बाइक पर गांव लौट रहा था। बादशाही रोड पर दो बाइकों पर आए 4-5 युवकों ने उसका रास्ता रोककर डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान युवती के पिता सतीश और चाचा राकेश भी मौजूद थे और हमलावरों को भड़काते हुए कह रहे थे – “आज इसे सबक सिखाओ।” भीड़ जुटने के बाद आरोपी धमकी देकर फरार हो गए। गंभीर चोटों के बाद कुणाल का इलाज पहले समालखा अस्पताल और फिर खानपुर PGI में चल रहा है।
कुणाल के पिता पुरुषोत्तम ने बताया कि युवती को पहले भी परिवार के दबाव में कई बार ले जाया गया। नवंबर 2024 में वह तीन महीने की प्रेग्नेंट थी, लेकिन बिना बताए घर छोड़कर चली गई और साथ में एक लाख रुपए और चांदी के जेवर भी ले गई। बाद में उसने कुणाल पर केस दर्ज कराया और खर्चे की मांग शुरू कर दी। काउंसिलिंग के दौरान भी उसने कई बार बयान बदल दिए।
पुलिस कार्रवाई: गन्नौर थाना पुलिस ने कुणाल के पिता की शिकायत पर युवती के पिता, चाचा और 4-5 अन्य लोगों के खिलाफ धारा 110, 115(2), 126(2), 191(3), 190, 351(3) BNS के तहत केस दर्ज किया। जांच SI सतबीर कर रहे हैं।