फील्ड में उतरी CBI टीम, मनीषा मर्डर केस में टीचर के घर पहुंची, परिवार से करेगी पूछताछ

भिवानी जिले की टीचर मनीषा की मौत की जांच में CBI टीम शनिवार को फील्ड में उतरी। टीम ने स्कूल स्टाफ से पूछताछ की, घटनास्थल और मनीषा के गांव का दौरा किया। परिजनों से भी पूछताछ की संभावना है।

फील्ड में उतरी CBI टीम, मनीषा मर्डर केस में टीचर के घर पहुंची, परिवार से करेगी पूछताछ

➤ भिवानी जिले की टीचर मनीषा की मौत की जांच को लेकर CBI टीम फील्ड में उतरी
➤ स्कूल स्टाफ से पूछताछ, घटनास्थल और मनीषा के गांव का किया दौरा
➤ परिजनों से भी पूछताछ की संभावना, सबूत जुटाने में जुटी जांच टीम

हरियाणा के भिवानी जिले के गांव ढाणी लक्ष्मण निवासी टीचर मनीषा की मौत मामले की जांच में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम शनिवार को फील्ड में उतरी। टीम ने सबसे पहले गांव सिंघानी स्थित किड्स केयर सीएससी बाल विद्यालय पहुंचकर मनीषा के सहकर्मियों और स्कूल स्टाफ से पूछताछ की। यहीं मनीषा बच्चों को पढ़ाती थी।

मनीषा के स्कूल से निकली CBI टीम की गाड़ी घटनास्थल की ओर जाती हुई। इनसेट में मनीषा का फाइल फोटो - Dainik Bhaskar

स्कूल में करीब 15 मिनट तक रुककर पूछताछ और आसपास का मुआयना करने के बाद CBI टीम उस स्थान पर गई, जहां से मनीषा का शव बरामद हुआ था। यह स्थान स्कूल से लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर है और पुलिस ने इसे पहले से पीली पट्टियों के साथ सील कर रखा है। टीम ने यहां भी निरीक्षण कर कुछ अहम सबूत जुटाए।

इसके बाद जांच दल मनीषा के गांव ढाणी लक्ष्मण पहुंचा और सीधे उनके घर पहुंचा। माना जा रहा है कि टीम यहां मनीषा के परिजनों से पूछताछ कर सकती है। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि CBI को जांच में क्या नए तथ्य हाथ लगे हैं।

गौरतलब है कि CBI की टीम 3 सितंबर से ही भिवानी में मौजूद है और डिगावा स्थित PWD रेस्ट हाउस में ठहरी हुई है। इस दौरान टीम पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर केस से जुड़ी रिपोर्ट भी ले चुकी है। शनिवार को टीम ने पहली बार सीधे फील्ड में उतरकर केस से जुड़े घटनास्थलों का निरीक्षण किया।

इस जांच को लेकर स्थानीय लोगों में गहरी उत्सुकता बनी हुई है। लोग उम्मीद जता रहे हैं कि CBI की जांच से मनीषा की मौत की असली वजह और इसके पीछे के तथ्यों से पर्दा उठ सकेगा।