सीएम सैनी से मिलने चंडीगढ़ पहुंचे चानौत के किसान, 40 दिन से जारी है धरना
हांसी के गांव चानौत के किसान भाखड़ा पाइपलाइन से टी-कनेक्शन की मांग को लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी से मिलने चंडीगढ़ पहुंचे। 40 दिनों से धरना जारी है।
भाखड़ा पाइपलाइन से टी-कनेक्शन की मांग को लेकर 40वें दिन भी जारी ग्रामीणों का धरना
11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री नायब सैनी से मिलने चंडीगढ़ पहुंचा
सीएम से मुलाकात तय होने के बाद प्रस्तावित रोड जाम फिलहाल स्थगित
हरियाणा के हांसी क्षेत्र के गांव चानौत में भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन से टी-कनेक्शन की मांग को लेकर चल रहा ग्रामीणों का आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। गुरुवार को धरना दे रहे ग्रामीणों की 11 सदस्यीय संघर्ष समिति मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलने चंडीगढ़ पहुंची। इस मुलाकात से लंबे समय से चल रहे विवाद के समाधान की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
ग्रामीणों की मांग है कि हांसी शहर के लिए बिछाई जा रही भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन से गांव चानौत को भी टी-कनेक्शन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाए। इसी मांग को लेकर ग्रामीण पिछले 40 दिनों से लगातार धरने पर बैठे हुए हैं।
बीते 20 जून को ग्रामीणों ने स्वयं पाइपलाइन में टी-कनेक्शन लगा दिया था। हालांकि कुछ ही घंटों बाद जिला प्रशासन ने पुलिस बल की सहायता से इसे हटवा दिया। इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई और आंदोलन को आसपास के गांवों का भी समर्थन मिलने लगा।
मामले को लेकर गुरुवार को गांव मसूदपुर में सुबह 11 बजे रोड जाम का कार्यक्रम प्रस्तावित था। लेकिन मुख्यमंत्री से मुलाकात तय होने के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल इस कार्यक्रम को स्थगित कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि वे मुख्यमंत्री के समक्ष अपना पक्ष रखेंगे और सकारात्मक समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।
इससे पहले ग्रामीण प्रतिनिधियों की शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा और आईजी कुलदीप सिंह के साथ चार दौर की वार्ता हो चुकी है। हालांकि इन बैठकों में कोई सहमति नहीं बन सकी।
सरकार का कहना है कि अमृत-2 योजना के तहत बिछाई जा रही वर्तमान पाइपलाइन से गांव को टी-कनेक्शन देना तकनीकी और योजनागत रूप से संभव नहीं है। इसके स्थान पर सरकार ने ग्रामीणों के सामने वैकल्पिक व्यवस्था का प्रस्ताव रखा है।
सरकार के प्रस्ताव के अनुसार जल जीवन मिशन के तहत खरकड़ी हेड या राजली हेड से गांव चानौत तक अलग स्वतंत्र पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ अलग बिजली लाइन, बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में जनरेटर की व्यवस्था और अतिरिक्त 50 हॉर्स पावर की मोटर लगाने का भी प्रस्ताव दिया गया है, ताकि गांव को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
बुधवार को हांसी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने दोहराया था कि मौजूदा भाखड़ा पाइपलाइन से टी-कनेक्शन देना संभव नहीं है। उन्होंने कहा था कि यदि ग्रामीण सरकार के वैकल्पिक प्रस्ताव पर सहमत होते हैं तो हांसी शहर को पानी मिलने से पहले ही चानौत गांव तक पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था कर दी जाएगी।
अब पूरे क्षेत्र की निगाहें मुख्यमंत्री और ग्रामीण प्रतिनिधिमंडल के बीच होने वाली बैठक पर टिकी हैं। स्थानीय लोग इसे पूरे विवाद के समाधान की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण बैठक मान रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि इस मुलाकात के बाद कोई सकारात्मक फैसला सामने आ सकता है।
pooja