रातों-रात बदले ट्रांसफर ऑर्डर, करनाल निगम कमिश्नर पर पलटा फैसला , IAS वैशाली शर्मा ही रहेंगी करनाल नगर निगम कमिश्नर

हरियाणा में IAS-HCS तबादलों के बीच रात में बदले आदेश। करनाल नगर निगम कमिश्नर पर फैसला पलटा, वैशाली शर्मा बरकरार, योगेश कुमार को पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की जिम्मेदारी।

रातों-रात बदले ट्रांसफर ऑर्डर, करनाल निगम कमिश्नर पर पलटा फैसला , IAS वैशाली शर्मा ही रहेंगी करनाल नगर निगम कमिश्नर
  • रात में बदले ट्रांसफर आदेश, करनाल निगम कमिश्नर पर फिर पलटा फैसला
  • IAS वैशाली शर्मा ही रहेंगी करनाल नगर निगम कमिश्नर
  • योगेश कुमार को हरियाणा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड का मेंबर सेक्रेटरी बनाया गया


हरियाणा में IAS और HCS अधिकारियों के बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बीच करनाल नगर निगम कमिश्नर को लेकर जारी आदेशों में रात होते-होते अहम बदलाव हो गया। शाम को जारी ट्रांसफर लिस्ट में IAS योगेश कुमार को करनाल नगर निगम कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद सरकार ने संशोधित आदेश जारी कर दिए।

ताजा आदेशों के अनुसार IAS वैशाली शर्मा ही करनाल नगर निगम कमिश्नर के पद पर बनी रहेंगी। वहीं योगेश कुमार से करनाल निगम का चार्ज वापस लेकर उन्हें हरियाणा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड का मेंबर सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। इस अचानक हुए बदलाव को लेकर प्रशासनिक हलकों में दिनभर चर्चा बनी रही।

इससे पहले सरकार ने एक साथ 27 IAS और HCS अधिकारियों के तबादले किए थे। इस सूची में 6 IAS और 21 HCS अधिकारी शामिल थे। तबादलों के तहत प्रदेश के 8 जिलों में नए एडिशनल डिप्टी कमिश्नर की तैनाती की गई है।

2023 बैच के IAS अधिकारी अभिनव सिवाच को बहादुरगढ़ में सब डिवीजनल ऑफिसर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। युवा अधिकारियों को फील्ड पोस्टिंग देने की नीति के तहत यह फैसला लिया गया है। अभिनव सिवाच हाल के दिनों में निजी कारणों से भी चर्चा में रहे हैं।

HCS स्तर पर भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। गौरव कुमार को स्टेट इलेक्शन कमीशन में सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। अन्य अधिकारियों को जिलों और विभिन्न विभागों में नई प्रशासनिक जिम्मेदारियां दी गई हैं।

सरकार का मानना है कि इस फेरबदल से प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी और फील्ड स्तर पर समन्वय बेहतर होगा। खासतौर पर नगर निकायों और नियामक संस्थाओं में नई तैनाती का असर आने वाले दिनों में दिखाई देगा।