हरियाणा निकाय चुनाव: कांग्रेस की बड़ी बैठक आज चंडीगढ़ में, आवेदकों की स्क्रूटनी और उम्मीदवार पैनल पर मंथन
हरियाणा निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस की आज चंडीगढ़ में अहम बैठक होगी। मेयर और पार्षद पद के आवेदनों की स्क्रूटनी और उम्मीदवार पैनल पर मंथन किया जाएगा।
➤ निकाय चुनाव के आवेदनों पर आज कांग्रेस मुख्यालय में अहम बैठक
➤ मेयर और पार्षद पद के दावेदारों की स्क्रूटनी के बाद नई लिस्ट की तैयारी
➤ हुड्डा, राव नरेंद्र सिंह सहित शीर्ष नेतृत्व और जिलाध्यक्ष रहेंगे मौजूद
हरियाणा में आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस पार्टी मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। इस बैठक में निकाय चुनाव लड़ने के इच्छुक आवेदकों पर चर्चा के साथ-साथ आवेदनों की स्क्रूटनी कर नए मानदंडों के आधार पर उम्मीदवारों की सूची तैयार करने की प्रक्रिया पर मंथन किया जाएगा।
बैठक में प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद वरुण मुलाना सहित पार्टी की तीनों कमेटियों के 20 सदस्य, दोनों सह प्रभारी और संबंधित जिलाध्यक्ष मौजूद रहेंगे। पंचकूला, सोनीपत और अंबाला से आवेदन लेने वाले जिलाध्यक्ष भी इस बैठक में शामिल होंगे। प्रदेश नेतृत्व की ओर से जिलाध्यक्षों से जमीनी फीडबैक और राय भी ली जाएगी, ताकि उम्मीदवार चयन में क्षेत्रीय संतुलन और संगठनात्मक मजबूती को प्राथमिकता दी जा सके।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, बैठक में सिर्फ आवेदनों की समीक्षा ही नहीं, बल्कि संभावित उम्मीदवार पैनल पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। पार्टी नेतृत्व का फोकस यह सुनिश्चित करने पर है कि मैदान में उतारे जाने वाले उम्मीदवार योग्य, जनस्वीकार्य और संगठन के प्रति प्रतिबद्ध हों।
मेयर पद के लिए दावेदारी: कहां कितने आवेदन
नगर निगम – मेयर पद के दावेदार – पार्षद पद के दावेदार – आरक्षित श्रेणी
पंचकूला – 11 – 250+ – ओपन
सोनीपत – 06 – 140+ – ओपन
अंबाला – 04 – 100+ – BC-B महिला
कुल – 21 – 490+ – —
आंकड़ों से स्पष्ट है कि मेयर और पार्षद पदों के लिए कांग्रेस को बड़ी संख्या में आवेदन मिले हैं, जिससे पार्टी के सामने चयन की चुनौती भी है और अवसर भी।
चुनाव रणनीति पर भी होगा मंथन
प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि बैठक का उद्देश्य केवल आवेदनों की जानकारी लेना नहीं है, बल्कि पार्टी पदाधिकारियों के साथ विस्तृत मंथन, आपसी संवाद और निकाय चुनाव की रणनीति तैयार करना भी है। पार्टी शहरी क्षेत्रों में स्थानीय मुद्दों, जनसरोकारों और संगठनात्मक ताकत के आधार पर चुनावी रोडमैप तैयार करेगी।
इससे पहले निकाय चुनाव को लेकर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने दिल्ली आवास पर विधायक दल की बैठक भी बुलाई थी, जिसमें चुनावी हालात और पार्टी की भूमिका पर चर्चा की गई थी।
कांग्रेस एकजुट होकर उतरेगी मैदान में
कांग्रेस ने मेयर और पार्षद पदों के लिए इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों से 5 फरवरी तक आवेदन मांगे थे। पार्टी का दावा है कि वह इन नगर निगम चुनावों में पूरी मजबूती और संगठनात्मक एकजुटता के साथ मैदान में उतरेगी। कांग्रेस का फोकस शहरी जनता से जुड़े मूलभूत मुद्दों, नागरिक सुविधाओं, पारदर्शिता और जवाबदेही पर रहेगा।
Akhil Mahajan