हरियाणा में मौसम का यू-टर्न, 18 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट,14जून तक खराब रहेगा मौसम
हरियाणा के 18 जिलों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी है। मौसम बदलने से तापमान में करीब 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
हरियाणा में आंधी-बारिश से भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिली
राज्य का औसत तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंचा
18 जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी
हरियाणा में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश के बाद लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।
शनिवार सुबह नारनौल में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जबकि देर रात रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, हिसार, भिवानी, फतेहाबाद और फरीदाबाद समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। मौसम में आए बदलाव से दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
बारिश के चलते फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित आजाद नगर क्षेत्र में एक पुराना जर्जर मकान का बड़ा हिस्सा भरभराकर सड़क पर गिर गया। घटना के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि मकान करीब 40 से 50 वर्ष पुराना था।
इससे पहले आए तूफान और तेज हवाओं के कारण फतेहाबाद और हिसार में भी नुकसान की खबरें सामने आई थीं। वहीं कुरुक्षेत्र में करंट लगने से एक दुकानदार की मौत हो गई थी।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे और औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। मौसम में आए इस बदलाव के कारण रातों में भी गर्मी का असर काफी कम हो गया है।
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, पानीपत, सोनीपत, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और नूंह समेत 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 14 जून को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बूंदाबांदी और मौसम खराब रहने की संभावना है। विशेष रूप से सिरसा, फतेहाबाद और हिसार जिलों में धूलभरी आंधी और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। हालांकि 15 और 16 जून से मौसम साफ रहने का अनुमान लगाया गया है।
बारिश और तेज हवाओं का असर दिन के तापमान पर भी साफ दिखाई दिया है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 4.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
आंकड़ों के अनुसार करनाल में सबसे कम अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि चंडीगढ़ में यह 33.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं पूरे प्रदेश में सबसे अधिक तापमान भिवानी में 39.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रात के तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिली है। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान पिछले दिन के मुकाबले 4.2 डिग्री सेल्सियस कम हुआ है। नारनौल में सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस और चंडीगढ़ में 19.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकांश जिलों में रात का तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
pooja