हरियाणा भीगा, हिमाचल-कश्मीर में बर्फ की चादर, वेस्टर्न डिस्टरबेंस ने उत्तर भारत को जकड़ा
हरियाणा में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से बारिश और ओले। 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, तेज ठंडी हवाएं। 26 जनवरी को फिर स्ट्रॉन्ग सिस्टम के आसार।
➤ हरियाणा समेत उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस से बदला मौसम
➤ कई जिलों में बारिश-बूंदाबांदी, ओले और तेज ठंडी हवाओं का असर
➤ 26 जनवरी को फिर स्ट्रॉन्ग सिस्टम, बारिश-बर्फबारी के आसार
हरियाणा से लेकर पूरे उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होते ही मौसम ने अचानक करवट ले ली है। देर रात से हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
हरियाणा में दिल्ली-चंडीगढ़ बेल्ट सबसे ज्यादा प्रभावित नजर आ रही है। पानीपत, सोनीपत, यमुनानगर के साथ-साथ हिसार, गुरुग्राम, भिवानी, फतेहाबाद, झज्जर, रेवाड़ी, सिरसा और महेंद्रगढ़ में सुबह से बूंदाबांदी देखने को मिली। पानीपत में सुबह 8 बजे तक अंधेरा छाया रहा, जबकि सिरसा में देर रात ओलावृष्टि की सूचना है।
मौसम विभाग (IMD) ने हरियाणा के कैथल, करनाल, पानीपत, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना जताई गई है। प्रदेश के अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी है, जहां गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं।
उधर, हिमालयी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का एक और दौर शुरू हो गया है। हिमाचल प्रदेश के शिमला और मनाली में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है, जिससे करीब साढ़े तीन महीने से चला आ रहा ड्राई स्पेल खत्म हो गया।
हिमाचल के शिमला में सुबह सुबह बर्फबारी
लाहौल स्पीति का नजारा
हिमाचल में बर्फबारी में मस्ती
-
बर्फबारी के कारण वैष्णो देवी यात्रा रोक दी गई है।
-
श्रीनगर से सुबह 9 बजे तक 6 फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गई हैं।
जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में बर्फबारी जारी है और यहां करीब 5 फीट तक बर्फ जम चुकी है। श्रीनगर में बर्फबारी के कारण फ्लाइट ऑपरेशन अस्थायी रूप से रोक दिया गया, वहीं श्रीनगर-जम्मू हाईवे, नवयुग टनल, मुगल, सिंथन और SSG सड़कें बंद कर दी गई हैं। वैष्णो देवी यात्रा भी रोक दी गई है, जबकि सुबह 9 बजे तक 6 फ्लाइट्स कैंसिल की जा चुकी हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 26 जनवरी को दूसरा स्ट्रॉन्ग वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। इसके असर से उत्तर भारत के 9 राज्यों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
मनाली में बर्फबारी के बीच खेलता बच्चा
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ पश्चिम से आने वाली हवाओं और बादलों का सिस्टम होता है। इसके सक्रिय होने से पहाड़ों में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में बारिश, तापमान में गिरावट, पाला पड़ने और कोल्डवेव जैसे हालात बन सकते हैं।
हालांकि, बादलों की आवाजाही से रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे रात की ठिठुरन कुछ कम हो सकती है, लेकिन दिन के तापमान में गिरावट बनी रहेगी।
Akhil Mahajan