हरियाणा में ताबड़तोड़ फायरिंग ,रिटायर्ड इंस्पेक्टर के बेटे को लगी गोली

झज्जर के आसंडा गांव में रिटायर्ड इंस्पेक्टर के बेटे मंजेश राठी पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली कमर में लगी। पूरी घटना CCTV में कैद हुई है।

हरियाणा  में ताबड़तोड़ फायरिंग ,रिटायर्ड इंस्पेक्टर के बेटे को लगी गोली

झज्जर के गांव आसंडा में युवक पर घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग

रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर के बेटे मंजेश राठी की कमर में लगी गोली

CCTV में कैद हुए बाइक सवार हमलावर, पुलिस जांच में जुटी

झज्जर जिले के गांव आसंडा में शुक्रवार रात एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। घर के बाहर वाहन खड़ा कर रहे युवक पर बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी वारदात आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।

घायल की पहचान मंजेश राठी (33) के रूप में हुई है। वह हरियाणा पुलिस से सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर दयानंद राठी का बेटा है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे मंजेश राठी अपने घर के बाहर वाहन खड़ा कर रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने उस पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमले से घबराकर मंजेश जान बचाने के लिए दौड़ पड़ा।

भागने के दौरान हमलावरों द्वारा चलाई गई एक गोली मंजेश की दाईं कमर में जा लगी। गोली लगने के बावजूद उसने खुद को बचाने का प्रयास किया। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।

घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों में दोनों हमलावर कैद हो गए हैं। फुटेज में बाइक सवार दो संदिग्ध युवक फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे।

घायल मंजेश को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमले के पीछे की वजह, पुरानी रंजिश या अन्य संभावित कारणों को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।