राहुल गांधी पर बरसे कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, कहा- गंभीर नेता नहीं, सुर्खियां बटोरने में माहिर

पंचकूला में 22 सितंबर को राज्य स्तरीय अग्रसेन जयंती समारोह होगा। सीएम नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि और मंत्री विपुल गोयल अध्यक्ष होंगे। इस मौके पर गोयल ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके बयान कभी सच नहीं होते और वे सिर्फ सुर्खियां बटोरने का काम करते हैं।

राहुल गांधी पर बरसे कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, कहा- गंभीर नेता नहीं, सुर्खियां बटोरने में माहिर

➤ पंचकूला में 22 सितंबर को राज्य स्तरीय अग्रसेन जयंती समारोह, सीएम नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि
➤ कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा- उनके बयान कभी सच नहीं होते
➤ विपुल गोयल बोले- राहुल गांधी सिर्फ सुर्खियां बटोरते हैं, गंभीर नेता नहीं हैं

हरियाणा के पंचकूला में 22 सितंबर को राज्य स्तरीय अग्रसेन जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल करेंगे। मंत्री ने बताया कि पहली बार इतने बड़े पैमाने पर राज्य स्तर पर अग्रसेन जयंती का आयोजन हो रहा है। इस आयोजन के जरिए समाज में भाईचारे और एकता का संदेश दिया जाएगा और हरियाणा के सभी हिस्सों से लोग इसमें भाग लेंगे।

फरीदाबाद में मीडिया से बात करते कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल। - Dainik Bhaskar

मीडिया से बातचीत में विपुल गोयल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी केवल मंच और माइक से भाषणबाजी करते हैं और सुर्खियां बटोरने का काम करते हैं। गोयल ने कहा, “राहुल गांधी का कोई भी बयान कभी सच नहीं होता। कभी कहते हैं सरकार संविधान बदल देगी, पिछड़ों का आरक्षण खत्म कर देगी, अब कहते हैं वोट चोरी हो गई है। अगर वास्तव में वोट चोरी हुई है तो उन्हें चुनाव आयोग को लिखित शिकायत देनी चाहिए। आयोग बार-बार उनसे कह रहा है, लेकिन वे केवल आरोप लगाने तक सीमित रहते हैं।”

गोयल ने राहुल गांधी को गैर-गंभीर नेता बताते हुए कहा कि वे कभी साइकिल यात्रा निकालते हैं, कभी विधानसभा नहीं चलने देते, तो कभी अलग-अलग इवेंट कर सुर्खियों में बने रहते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब देश और उनकी पार्टी को उनकी जरूरत होती है, वे विदेश चले जाते हैं और जब खाली रहते हैं तो यहां आकर राजनीतिक कार्यक्रम करते हैं।

विपुल गोयल ने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुरक्षित और स्थिर है। यहां किसी तरह की अनियमितता संभव नहीं है। उनके मुताबिक राहुल गांधी केवल अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने के लिए मंच की तलाश करते रहते हैं।