कानून व्यवस्था का जनाजा निकला, हरियाणा में सरकार नहीं, सिर्फ 'कार ही कार' चल रही है: सुरेंद्र अहलावत

पानीपत में AAP की जिला बैठक में सुरेंद्र अहलावत ने हरियाणा सरकार पर हमला बोला। कानून-व्यवस्था फेल, भ्रष्टाचार चरम पर और सरकार को बताया ‘कार ही कार’ वाली सरकार।

कानून व्यवस्था का जनाजा निकला, हरियाणा में सरकार नहीं, सिर्फ 'कार ही कार' चल रही है: सुरेंद्र अहलावत

• हरियाणा में कानून-व्यवस्था ध्वस्त, अपराधी बेखौफ: सुरेंद्र अहलावत
• सरकार पर निशाना, बोले– प्रदेश में सरकार नहीं, सिर्फ ‘कार ही कार’ चल रही
• पानीपत में AAP जिला कार्यकारिणी बैठक, आंदोलन की रणनीति तय


 हरियाणा की मौजूदा भाजपा सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। भ्रष्टाचार चरम पर है, कानून-व्यवस्था का दिवाला पिट चुका है, अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं, रोजाना हत्याएं और फिरौती की कॉल्स हो रही हैं। जनता का मोहभंग तेजी से हो रहा है, लेकिन सरकार के मुख्यमंत्री और मंत्री सत्ता के नशे में सिर्फ गाड़ियों में सैर-सपाटा कर रहे हैं।

आज प्रदेश में सरकार नहीं, बल्कि सिर्फ 'कार ही कार' चल रही है। ये विचार आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता सुरेंद्र अहलावत ने पानीपत जिला कार्यकारिणी की बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। सेक्टर-25 स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष जसवीर जस्सा कादयान ने की। 

अपने मुख्य संबोधन में सुरेंद्र अहलावत ने कहा, "देश की तरह हरियाणा की जनता भी भाजपा और कांग्रेस से ऊब चुकी है। AAP ही अब जनता का स्वाभाविक विकल्प बनकर उभर रही है। हमें जिला स्तर पर संगठन का विस्तार करना चाहिए ताकि जनता की आवाज मजबूत हो।" प्रदेश सचिव सुखबीर मलिक ने AAP की नीतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा, "बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासन जैसी मूलभूत सुविधाएं केवल AAP सरकार में ही संभव हैं। वर्तमान सरकार जाति-धर्म के नाम पर सत्ता में आई, लेकिन अब हर वर्ग का मोहभंग हो रहा है।" 

करनाल लोकसभा अध्यक्ष अजय सिंगला ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा, "हर विभाग में भ्रष्टाचार के नए मामले रोज उजागर हो रहे हैं। 'सबका साथ, सबका विकास' का नारा देने वाली पार्टी सिर्फ अपने चहेतों के विकास में लगी है।" बैठक को जिला अध्यक्ष जसवीर जस्सा कादयान, लोकसभा उपाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र जेसिया, वरिष्ठ नेता जितेंद्र जुनेजा, जिला महासचिव योगेश कौशिक और बैकवर्ड विंग जिला अध्यक्ष एडवोकेट राजपाल कश्यप ने भी संबोधित किया। 

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि हर माह के पहले रविवार को जिला कार्यकारिणी की मासिक बैठक आयोजित की जाएगी। साथ ही, समाज के हर वर्ग से प्रबुद्ध व्यक्तियों को AAP से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। वर्तमान सरकार की जन-विरोधी नीतियों के खिलाफ सड़कों पर धरना-प्रदर्शन की रणनीति भी तय की गई। इस अवसर पर जिला युवा अध्यक्ष मनीष रोड, जिला सचिव संदीप प्रजापत, संजीव गोयल, डॉक्टर हरपाल, युवा उपाध्यक्ष विकास अग्रवाल, सचिन जांगड़ा, राजन मुंडे और प्रिंस तोमर सहित अन्य प्रमुख नेता उपस्थित रहे।