दिवाली से पहले PF का पैसा ATM में! 10-11 अक्टूबर को EPFO बैठक में होगा बड़ा फैसला
केंद्र सरकार दिवाली से पहले PF अकाउंट होल्डर्स को ATM और UPI से पैसे निकालने की सुविधा देने पर विचार कर रही है। EPFO 3.0 लॉन्च से निकासी और जानकारी अपडेट तेज होगी। नौकरी जाने पर PF का हिस्सा निकासी और टैक्स नियमों में सुधार।
➤ केंद्र सरकार दिवाली से पहले PF अकाउंट होल्डर्स को ATM और UPI से पैसे निकालने की सुविधा दे सकती है
➤ EPFO 3.0 डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च, निकासी और जानकारी अपडेट करना होगा आसान
➤ न्यूनतम पेंशन बढ़ाने और PF निकासी पर टैक्स नियमों में सुधार की संभावना
केंद्र सरकार दिवाली से पहले EPF (प्रोविडेंट फंड) अकाउंट होल्डर्स को उनके PF के पैसे ATM और UPI के माध्यम से निकालने की सुविधा देने पर विचार कर रही है। श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया की अध्यक्षता में 10-11 अक्टूबर को एक बड़ी बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा होगी। सरकार का उद्देश्य 8 करोड़ EPFO सब्सक्राइबर्स को खर्च के लिए अधिक सुविधाएं प्रदान करना है।
EPFO 3.0 डिजिटल सेवा
EPFO जल्द ही 'EPFO 3.0' नामक नई डिजिटल सेवा लॉन्च करने जा रहा है। इसके माध्यम से न केवल PF निकासी आसान होगी, बल्कि खाते की जानकारी अपडेट करना, क्लेम प्रोसेसिंग और अन्य सेवाएं भी तेज हो जाएंगी। कर्मचारी अपने UAN को एक्टिव करके और आधार को खाते से जोड़कर ATM या UPI से सीधे PF पैसा निकाल सकेंगे।
ATM और UPI से PF निकासी की प्रक्रिया
EPFO अपने सब्सक्राइबर्स को विशेष ATM कार्ड जारी करेगा, जो उनके PF अकाउंट से लिंक होगा। इस कार्ड का उपयोग करके सब्सक्राइबर्स सीधे ATM से PF पैसा निकाल सकेंगे। UPI के माध्यम से पैसे निकालने के लिए PF अकाउंट को UPI से लिंक करना होगा, जिसके बाद पैसा सीधे बैंक अकाउंट में ट्रांसफर किया जा सकेगा।
नौकरी छूटने पर PF निकासी नियम
PF विड्रॉल नियम के अनुसार, अगर किसी सदस्य की नौकरी चली जाती है, तो वह 1 महीने के बाद PF का 75% हिस्सा निकाल सकता है। बाकी 25% पैसे को जॉब छूटने के दो महीने बाद निकाला जा सकता है। इससे बेरोजगारी के दौरान आवश्यक खर्चों को पूरा करना आसान होगा।
PF और इनकम टैक्स नियम
यदि कर्मचारी ने किसी या किसी भी कंपनी में कुल 5 साल की सेवा पूरी कर ली है, तो PF निकालने पर इनकम टैक्स की कोई देनदारी नहीं होगी। यह अवधि एक कंपनी में या कई कंपनियों के संयुक्त कार्यकाल के आधार पर पूरी हो सकती है।