युवक की पीट-पीटकर हत्या, पड़ोसियों से झगड़े में हुआ खूनी हमला

कैथल के नरवल गांव में युवक संदीप की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, इलाज के दौरान मौत, 4 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस जांच जारी।

युवक की पीट-पीटकर हत्या, पड़ोसियों से झगड़े में हुआ खूनी हमला

कैथल में लाठी-डंडों से पीटकर युवक की हत्या
आपसी झगड़े में पड़ोसियों ने किया हमला, 4 आरोपी नामजद
इलाज के दौरान तोड़ा दम, पुलिस ने दर्ज किया केस


हरियाणा के कैथल जिले के नरवल गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां करीब 34 वर्षीय युवक संदीप की लाठी-डंडों और ईंटों से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पत्नी रीना के अनुसार, 29 मार्च को उसका पति और देवर घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान पड़ोसी रजत उनके घर में घुस आया और उसकी देवरानी से झगड़ा करने लगा। शोर सुनकर जब रीना मौके पर पहुंची, तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की और वहां से फरार हो गया।

रीना ने बताया कि जब उन्होंने आरोपी के परिवार को इस घटना के बारे में बताया, तो उन्होंने भी गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान परिवार के कई सदस्य घायल हुए। रात में जब संदीप घर लौटा, तो उसे पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई।

बताया गया कि जब संदीप शिकायत देने के लिए राजौंद थाना जा रहा था, तभी रास्ते में आरोपियों ने उसे घेर लिया और उस पर लाठियों, डंडों और ईंटों से हमला कर दिया। हमले में उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी हालत बिगड़ गई।

परिजनों ने उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजौंद ले जाया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए कैथल रेफर कर दिया। कैथल में इलाज के दौरान संदीप ने दम तोड़ दिया

इस मामले में राजौंद थाना SHO सतपाल सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।