डॉलर निवेश के नाम पर 50 लाख की ठगी, 44 लोगों को बनाया शिकार,6 पर केस दर्ज
यमुनानगर में सी प्राइम प्लेटफार्म पर डॉलर निवेश के नाम पर 44 लोगों से करीब 50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया। पुलिस ने छह आरोपियों पर केस दर्ज किया।
सी प्राइम प्लेटफार्म पर निवेश के नाम पर 44 लोगों से करीब 50 लाख रुपये की ठगी
हर महीने 5 प्रतिशत मुनाफा और रकम दोगुनी करने का झांसा देकर कराया निवेश
यमुनानगर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया
➤ विस्तृत खबर
यमुनानगर में ऑनलाइन निवेश के नाम पर बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि सी प्राइम (C Prime) प्लेटफार्म के जरिए 44 लोगों से करीब 50 लाख रुपये की ठगी की गई। मामले में थाना छप्पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में उत्तराखंड के रुड़की स्थित सुभाषनगर निवासी सुनील कुमार सैनी ने बताया कि रामपुर कंबोयान निवासी जतिंद्र अरोरा, यमुनानगर निवासी मोहित राणा, गौरव और उनकी पत्नियों ने मिलकर सी प्राइम नाम से ऑनलाइन निवेश का नेटवर्क तैयार किया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने लोगों को बताया कि उनका पैसा मेटा ट्रेडर प्लेटफार्म पर संचालित सी प्राइम स्कीम में लगाया जाएगा। इसके बदले हर महीने पांच प्रतिशत तक मुनाफा और कुछ समय बाद निवेश की गई रकम दोगुनी होने का दावा किया गया।
बताया गया कि आरोपियों ने 15 नवंबर 2024 को पहला अकाउंट शुरू किया था। इसके बाद लगातार नए लोगों को जोड़ने के लिए अभियान चलाया गया। इस दौरान मिल्क माजरा टोल प्लाजा के पास स्थित केएफसी में कई बैठकें भी आयोजित की गईं, जहां लोगों को निवेश के लिए प्रेरित किया गया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि भरोसा दिलाने के लिए आरोपियों ने लगातार संपर्क बनाए रखा और अधिक निवेश करने के लिए दबाव बनाया। उनकी बातों में आकर उन्होंने 1075 डॉलर निवेश कर दिए। शुरुआती दौर में अकाउंट में रकम बढ़ती हुई दिखाई देती रही, लेकिन जब पैसे निकालने का प्रयास किया गया तो निकासी नहीं हो सकी।
कुछ समय बाद पूरा अकाउंट ही बंद हो गया। जांच के दौरान पता चला कि इसी तरीके से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुल 44 लोगों से निवेश कराया गया। सभी पीड़ितों से कुल 1 लाख 1459 डॉलर जमा कराए गए, जिनकी भारतीय मुद्रा में कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
पीड़ित ने शिकायत में यह भी आशंका जताई है कि डॉलर में कराया गया निवेश हवाला कारोबार और विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के नियमों के उल्लंघन से भी जुड़ा हो सकता है। उन्होंने किसी बड़े आर्थिक अपराध या अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की भूमिका की जांच की मांग की है।
थाना छप्पर पुलिस ने शिकायत के आधार पर छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क, निवेश के लेनदेन और रकम के प्रवाह की जांच में जुटी हुई है।
pooja