हरियाणा में XEN और SDO पर केस दर्ज, आधी रात वाहनों की जांच पड़ी भारी

यमुनानगर में सिंचाई विभाग के XEN विजय गर्ग और SDO अजय कटारिया पर बिना ड्यूटी खनन वाहनों की जांच करने के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

हरियाणा में XEN और SDO पर केस दर्ज, आधी रात वाहनों की जांच पड़ी भारी

यमुनानगर में XEN और SDO पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज

आधी रात खनन वाहनों की जांच करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

रिकॉर्ड में ड्यूटी नहीं होने के बावजूद वाहनों की जांच करने के आरोप

हरियाणा के यमुनानगर में सिंचाई विभाग के दो अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई हुई है। दादूपुर जल सेवा मंडल के कार्यकारी अभियंता (XEN) विजय गर्ग और एसडीओ अजय कटारिया के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आरोप है कि दोनों अधिकारी आधी रात के समय नदी क्षेत्र से खनन सामग्री लेकर आने-जाने वाले वाहनों को रोककर उनकी जांच कर रहे थे। जबकि विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार उस समय और उस स्थान पर उनकी कोई आधिकारिक ड्यूटी निर्धारित नहीं थी।

जानकारी के मुताबिक दोनों अधिकारी वाहनों की जांच कर रहे थे, तभी एक वाहन चालक ने उनका वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया और अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठने लगे।

मामले की जांच के दौरान यह बात सामने आई कि संबंधित स्थान पर वाहनों की जांच करने की जिम्मेदारी दोनों अधिकारियों को नहीं सौंपी गई थी। इसके बाद विभागीय स्तर पर मामले की रिपोर्ट तैयार की गई।

इस संबंध में हथनीकुंड बैराज सर्किल के अधीक्षक अभियंता प्रवीण गुप्ता ने प्रतापनगर थाना पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।

प्रतापनगर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वायरल वीडियो, विभागीय रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला सामने आने के बाद सिंचाई विभाग में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि दोनों अधिकारी आधिकारिक ड्यूटी के बिना वहां किस उद्देश्य से मौजूद थे और वाहनों की जांच क्यों कर रहे थे।