सोनीपत में पुलिस एनकाउंटर, 25 मामलों का आरोपी बदमाश ढेर

सोनीपत में पुलिस मुठभेड़ के दौरान कुख्यात बदमाश गोपाल उर्फ गोपी मारा गया। आरोपी पैरोल जंप कर फरार था और हत्या की योजना बना रहा था।

सोनीपत में पुलिस एनकाउंटर, 25 मामलों का आरोपी बदमाश ढेर

सोनीपत में पुलिस मुठभेड़ में 25 से ज्यादा मामलों का आरोपी बदमाश ढेर

बदमाश की फायरिंग में हेड कॉन्स्टेबल घायल, खानपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती

पैरोल जंप कर फरार था आरोपी, हत्या की फिराक में घूम रहा था

हरियाणा के सोनीपत में सोमवार सुबह पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में बदमाश मारा गया। इस दौरान आरोपी की ओर से की गई फायरिंग में एक हेड कॉन्स्टेबल भी घायल हो गया। घायल पुलिसकर्मी का खानपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।

मृतक की पहचान अटायल गांव निवासी गोपाल उर्फ गोपी (45) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, फायरिंग और अन्य संगीन अपराधों के 25 से अधिक मामले दर्ज थे। उसे दो मामलों में उम्रकैद की सजा भी मिल चुकी थी। इसके बावजूद वह पैरोल पर बाहर आने के बाद फरार चल रहा था।

पुलिस कमिश्नर ममता सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे सूचना मिली थी कि गोपाल नहर के रास्ते एमपी माजरा, खूबडू होते हुए अटायल गांव की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर सीआईए-1 गन्नौर की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी।

पुलिस के करीब पहुंचते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार उसने करीब 9 राउंड गोलियां चलाईं। आरोपी ने पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया, जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। दोनों ओर से चली गोलियों के बीच गोपाल को सिर, छाती और पेट में तीन गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं आरोपी की ओर से चलाई गई गोली हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र सिंह के बाएं हाथ में लगी। उन्हें तुरंत खानपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां आईसीयू में उनका उपचार चल रहा है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से दो अवैध हथियार, बिना नंबर प्लेट की बाइक और कई कारतूसों के खोल बरामद किए हैं। पुलिस की फोरेंसिक और जांच टीमें मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी रहीं।

पुलिस के मुताबिक गोपाल करीब ढाई महीने पहले 70 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया था। पैरोल के दौरान उसने लगातार आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिया। मई महीने में उसने जमीनी विवाद को लेकर अटायल गांव में एक व्यक्ति के घर पर फायरिंग की थी। इसके बाद गांव के शराब ठेके पर लूट के इरादे से फायरिंग और आगजनी की वारदात को अंजाम दिया था।

इसके अलावा उसके खिलाफ पानीपत के समालखा क्षेत्र से एक ब्रेजा कार चोरी करने का मामला भी दर्ज था। सोमवार को भी वह अपने गांव के एक व्यक्ति की हत्या करने की फिराक में घूम रहा था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

गोपाल के आपराधिक इतिहास को लेकर पुलिस ने बताया कि उसने वर्ष 2010 में अपराध की दुनिया में कदम रखा था। आरोप है कि उसने अपनी गर्लफ्रेंड की मां की हत्या की थी, जिसके बाद वह लगातार अपराधों में शामिल होता चला गया और कुख्यात बदमाश बन गया।