लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड में हरियाणा के युवक समेत 15 ने गंवाई जान

लखनऊ के भीषण अग्निकांड में 15 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में हरियाणा का एक युवक भी शामिल है। SIT जांच शुरू कर चुकी है और 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड में हरियाणा के युवक समेत 15 ने गंवाई जान

➤ लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड में 15 लोगों की मौत

➤ मृतकों में हरियाणा का एक युवक भी शामिल

➤ हादसे की जांच के लिए SIT और फोरेंसिक टीम ने शुरू की पड़ताल


उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में हरियाणा का एक युवक भी शामिल है। हादसे के बाद मंगलवार सुबह जांच के लिए SIT और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और बिल्डिंग का निरीक्षण किया।

हादसे के बाद जान बचाने के लिए जयंत नाम का एक बच्चा पहले फ्लोर से कूद गया।

सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी है। SIT में IPS प्रवीण कुमार और IAS अमृत अभिजात शामिल हैं। टीम आग लगने के कारणों और लापरवाही के पहलुओं की जांच कर रही है।

हादसे में सीतापुर के आदित्य श्रीवास्तव की मौत हो गई। सुबह उनका शव घर पहुंचा। बहन निष्ठा भाई के शव से लिपटकर रोने लगी।

हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शवों का करीब सात घंटे तक पोस्टमॉर्टम चला। इसके बाद सभी शव परिजनों को सौंप दिए गए। पोस्टमॉर्टम हाउस में कई परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पश्चिम बंगाल की 23 वर्षीय छात्रा अनामिका का शव देखकर उसकी मां बेहोश हो गईं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस इमारत में आग लगी, वह लंबे समय से विवादों में रही है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2016 में इस इमारत को गिराने का आदेश जारी हुआ था, लेकिन बाद में वह आदेश निरस्त कर दिया गया। अब लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने भवन मालिक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

हादसे में जान गंवाने वाली अनामिका की मां पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर रोते-रोते बेहोश हो गईं।

यह इमारत रामेश्वरम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट कॉलेज के मालिक वीरेंद्र शुक्ला की बताई जा रही है। पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर वीरेंद्र शुक्ला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं LDA के चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। भवन को अनुमति देने वाले अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

लखनऊ अग्निकांड में खरखौदा के 23 वर्षीय भविष्य शर्मा की मौत हो गई है। - Dainik Bhaskar

जांच एजेंसियों के मुताबिक बिल्डिंग में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। आपात स्थिति में बाहर निकलने के लिए अलग रास्ता नहीं था और हादसे के समय छत का दरवाजा भी बंद मिला। इससे कई लोग धुएं और आग के बीच फंस गए।

आग लगने के बाद फायर टीम मौके पर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया।

बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे एसी में ब्लास्ट के बाद आग लगी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड, SDRF और NDRF की टीमों ने कई घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। दीवारें तोड़कर लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक 15 लोगों की जान जा चुकी थी।

लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड ने हरियाणा के सोनीपत जिले के एक परिवार की खुशियां छीन ली-मौके पर वहां की तस्वीर।

मृतकों में उत्तर प्रदेश के 11, पश्चिम बंगाल के 2, मध्य प्रदेश का 1 और हरियाणा का 1 युवक शामिल है। हरियाणा के मृतक की पहचान और उसके गृह जिले की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।