"हरियाणा में मौसम बदला",25 जून से प्री-मानसून एक्टिव,6 जिलों में अलर्ट
हरियाणा में प्री-मानसूनी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। सिरसा में बारिश हुई है और 25 जून को प्रदेशभर में बारिश, तेज हवाओं व गरज-चमक की संभावना है।
सिरसा में सुबह हल्की बारिश और तेज हवाओं से बदला मौसम का मिजाज
• 25 जून को हरियाणा में प्री-मानसूनी गतिविधियां सबसे ज्यादा सक्रिय रहने के आसार
• बारिश और बादलों के असर से अधिकतम तापमान 2.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री तक गिरा
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ और प्री-मानसूनी गतिविधियों के असर से मौसम का मिजाज बदल गया है। मंगलवार सुबह सिरसा और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन जिलों में तेज हवाओं और बादलों की आवाजाही भी बनी रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे के दौरान हरियाणा के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। हिसार, भिवानी, अंबाला, चंडीगढ़ और यमुनानगर सहित कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हुई। बारिश और बादलों के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
प्रदेश का सबसे अधिक तापमान रोहतक में 39.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान भिवानी में 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कई जिलों में बादल छाए रहने से दिन के समय गर्मी का असर कम महसूस किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 24 जून को बारिश की गतिविधियां दक्षिण-पूर्वी हरियाणा की ओर बढ़ेंगी। गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। वहीं 25 जून को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहेंगी और लगभग पूरे हरियाणा में बारिश के आसार बन रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 25 जून प्रदेश के लिए सबसे सक्रिय दिन साबित हो सकता है। इस दौरान कई जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से और अधिक राहत मिलने की उम्मीद है।
26 जून को बारिश की गतिविधियां मुख्य रूप से सिरसा, फतेहाबाद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर तक सीमित रहने का अनुमान है। इन जिलों में मौसम सक्रिय बना रह सकता है।
बारिश का असर दिन और रात दोनों के तापमान पर दिखाई दिया है। रविवार की तुलना में प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हिसार में 36.5 डिग्री, अंबाला में 36.3 डिग्री और करनाल में 34.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
रात के तापमान में भी कमी दर्ज हुई है। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 1.7 डिग्री सेल्सियस घट गया और सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। हिसार में 24 डिग्री, अंबाला में 25.4 डिग्री और सिरसा में 25.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ।
रात के तापमान में आई गिरावट और सुबह-शाम चल रही ठंडी हवाओं से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। कई जिलों में मौसम सुहावना बना हुआ है और आगामी दिनों में भी राहत का दौर जारी रहने की संभावना है।
pooja