रोहतक में व्यक्ति ने नहर में कूदकर दी जान, एसडीआरएफ ने निकाला शव
रोहतक के दिल्ली बाइपास स्थित भालोठ सब ब्रांच नहर में एक व्यक्ति ने कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना के बाद एसडीआरएफ टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर शव को नहर से बरामद किया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
■ रोहतक में व्यक्ति ने नहर में कूदकर दी जान, लोगों ने बचाने की कोशिश
■ सूचना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची
■ एसडीआरएफ ने कुछ देर बाद नहर से शव बरामद किया, पहचान नहीं
रोहतक के दिल्ली बाइपास स्थित भालोठ सब ब्रांच नहर में एक व्यक्ति ने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों ने व्यक्ति को नहर में कूदते देखा तो तुरंत उसे बचाने के लिए नहर में कूदने का प्रयास भी किया, लेकिन तेज बहाव के कारण व्यक्ति का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया।
एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने बोट की मदद से नहर में तलाश अभियान चलाया और कुछ ही देर बाद व्यक्ति का शव नहर से बरामद कर लिया। शव को बाहर निकालकर पुलिस के हवाले कर दिया गया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के थानों में गुमशुदगी की सूचना के आधार पर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिस पुल से व्यक्ति ने नहर में छलांग लगाई, वहां काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि व्यक्ति ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।
shubham