सोनीपत में रात के अंधेरे में जमीन की रजिस्ट्री की कोशिश! 98 कनाल जमीन के रिकॉर्ड पर उठे सवाल, वकीलों ने खोला मोर्चा
सोनीपत के गांव बड़ौत की 98 कनाल जमीन पर विवाद गहराया। वकीलों ने रात में रजिस्ट्री की कोशिश, पटवारियों के निलंबन और राजस्व रिकॉर्ड की जांच की मांग उठाई।
➤ 27 नवंबर की रात गन्नौर तहसील खोलकर विवादित जमीन की रजिस्ट्री का प्रयास करने का आरोप
➤ दो पटवारियों के निलंबन और तीसरे को जिम्मेदारी सौंपने पर प्रशासन की भूमिका सवालों के घेरे में
➤ सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल लॉग और टोकन जनरेशन रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग
सोनीपत के गांव बड़ौत की 98 कनाल 12 मरला जमीन को लेकर विवाद अब गंभीर प्रशासनिक सवालों में घिरता नजर आ रहा है। राजस्व रिकॉर्ड में कथित छेड़छाड़, दो पटवारियों के निलंबन और नए पटवारी को जिम्मेदारी सौंपने के बाद अब रात के समय गन्नौर तहसील खोलकर विवादित जमीन की रजिस्ट्री कराने की कोशिश के आरोप सामने आए हैं। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर वकील पंकज कौशिक और युद्धवीर सिंह ने सोनीपत के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता कर उपायुक्त, तहसीलदार और संबंधित कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि प्रशासन को पहले ही संभावित गड़बड़ी की जानकारी दे दी गई थी, इसके बावजूद रिकॉर्ड से संबंधित गतिविधियां जारी रहीं और देर रात रजिस्ट्री के लिए टोकन तक जनरेट कर दिया गया।
वहीं, मामले में सोनीपत की उपायुक्त नेहा सिंह को फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। दूसरी ओर तहसीलदार कीर्ति ने बताया कि रिकॉर्ड के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ या बदलाव संभव नहीं है। उन्होंने तहसील खोलने के संबंध में नायब तहसीलदार हेमंत शर्मा से जानकारी लेने की बात कही और बताया कि रजिस्ट्री का दिन उन्हीं का था।
दो पटवारियों ने कथित दबाव में काम करने से किया इनकार, फिर हुए निलंबित
शिकायत में वकील युद्धवीर सिंह ने घटनाक्रम का सिलसिलेवार विवरण देते हुए आरोप लगाया कि 27 नवंबर को विवादित जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में अनुचित बदलाव करने के लिए दो पटवारियों पर दबाव बनाया गया था। आरोप है कि दोनों पटवारियों ने नियमों के विरुद्ध काम करने से साफ इनकार कर दिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बाद उपायुक्त कार्यालय में कार्यरत निजी सहायक मोहित के माध्यम से मिली जानकारी के आधार पर दोनों पटवारियों को निलंबित कर दिया गया। वकीलों ने सवाल उठाया है कि यदि पटवारियों ने नियमों के खिलाफ काम करने से इनकार किया था, तो उनके निलंबन का आधार क्या था।
मामले में एक और महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया। दोनों पटवारियों के निलंबन के तुरंत बाद संबंधित क्षेत्र का चार्ज पटवारी निरंजन को सौंप दिया गया। शिकायतकर्ताओं ने इस पूरी प्रक्रिया के समय और परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
सोनीपत सरल केंद्र में गन्नौर तहसील का रिकॉर्ड लाने का आरोप
वकील पंकज कौशिक ने आरोप लगाया कि नए पटवारी को जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद गन्नौर तहसील से संबंधित विवादित जमीन का रिकॉर्ड कथित तौर पर सोनीपत के सरल केंद्र में लाया गया।
आरोप है कि वहां पटवारी निरंजन, तहसीलदार कीर्ति दहिया और उपायुक्त के निजी सहायक मोहित की मौजूदगी में शाम करीब 7 बजे तक रिकॉर्ड से संबंधित काम किया जाता रहा। वकीलों ने सवाल उठाया है कि गन्नौर तहसील से संबंधित जमीन का रिकॉर्ड सोनीपत सरल केंद्र में किस अधिकारी के आदेश पर लाया गया और वहां किस तरह की प्रक्रिया अपनाई गई।
इस घटनाक्रम में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अधिवक्ता पंकज कौशिक ने 27 नवंबर को दोपहर 12:21 बजे ईमेल के माध्यम से प्रशासन को शिकायत भेज दी थी। इसमें राजस्व रिकॉर्ड के साथ संभावित छेड़छाड़ की आशंका जताई गई थी।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि प्रशासन को पहले ही आगाह करने के बावजूद शाम तक रिकॉर्ड से संबंधित गतिविधियां जारी रहीं। उन्होंने इस बात पर भी सवाल उठाया कि शिकायत मिलने के बाद संबंधित रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने के लिए तत्काल कदम क्यों नहीं उठाए गए।
रात को खुली गन्नौर तहसील, विवादित जमीन की रजिस्ट्री के लिए जनरेट हुआ टोकन
मामले में सबसे गंभीर आरोप 27 नवंबर की रात को लेकर लगाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, रात के समय गन्नौर तहसील कार्यालय खोला गया और विवादित जमीन की रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू करने का प्रयास किया गया।
आरोप है कि इस काम के लिए बाकायदा रात में रजिस्ट्री का टोकन भी जनरेट किया गया। मौके पर जमीन के विक्रेता, खरीदार और गांव के नंबरदार मौजूद थे। बताया गया कि वे रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी करवाने के लिए उपायुक्त और तहसीलदार को लगातार फोन कर रहे थे।
सूचना मिलने के बाद अधिवक्ता युद्धवीर सिंह के सहयोगी अमित मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।
उनका आरोप है कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई करने के बजाय वहां मौजूद लोगों को परिसर से बाहर जाने के लिए कहा। पुलिस की ओर से यह बात कही गई कि उपायुक्त के निर्देश पर उसी रात रजिस्ट्री होनी है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, 112 पर कॉल करने की बात कहने के बावजूद पुलिस बिना किसी ठोस कार्रवाई के वहां से लौट गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग
वकील पंकज कौशिक ने आशंका जताई है कि मामले से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ हो सकती है। इसी वजह से उन्होंने 27 नवंबर को दोपहर 12 बजे से रात 12 बजे तक सोनीपत सरल केंद्र और गन्नौर तहसील कार्यालय की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की है।
शिकायत में केवल सीसीटीवी फुटेज ही नहीं, बल्कि डिजिटल रिकॉर्ड की भी जांच कराने की मांग की गई है। इसमें प्रमुख रूप से निम्न साक्ष्य सुरक्षित रखने की अपील की गई है।
-
कंप्यूटर सर्वर लॉग।
-
डिजिटल ऑडिट ट्रेल।
-
रजिस्ट्री टोकन जनरेट होने का समय।
-
संबंधित ऑपरेटर की आईडी।
-
लॉगिन हिस्ट्री।
-
निलंबन से संबंधित लिखित आदेश।
-
रिकॉर्ड में किए गए बदलावों का पूरा विवरण।
इसके अलावा शिकायत में तहसीलदार कीर्ति दहिया, पटवारी निरंजन, निजी सहायक मोहित, डाटा एंट्री ऑपरेटरों और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की गई है।
शिकायतकर्ताओं ने यह भी मांग की है कि जांच पूरी होने तक विवादित जमीन से संबंधित किसी भी नए इंतकाल या रजिस्ट्री पर रोक लगाई जाए।
99 साल की लीज और गायब मूल फाइल का भी मामला
वकील पंकज कौशिक के अनुसार, गांव बड़ौत की विवादित 98 कनाल 12 मरला जमीन का संबंध एपेक्स एजुकेशन ट्रस्ट, लगन कला उपवन सोसाइटी और बाल भवन पब्लिक स्कूल से है।
उन्होंने बताया कि इस जमीन को लेकर 31 अक्टूबर से ही शिकायतें दी जा रही हैं। विवाद में 99 साल की लीज, बिक्री विलेख और पुराने इंतकालों से जुड़े दस्तावेजों की भूमिका महत्वपूर्ण बताई जा रही है।
शिकायतकर्ताओं ने विशेष रूप से इंतकाल संख्या 6614 का उल्लेख किया है। उनका दावा है कि इस इंतकाल का केवल कंप्यूटर रिकॉर्ड उपलब्ध है, जबकि इसकी मूल फाइल गायब है।
इसी वजह से उन्होंने 99 साल की लीज, बिक्री विलेख, इंतकाल संख्या 6614 और अन्य पुराने इंतकालों व रजिस्ट्रियों का फॉरेंसिक ऑडिट कराने की मांग की है, ताकि रिकॉर्ड की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
GRAP-3 प्रतिबंधों के दौरान स्कूल भवन तोड़ने का आरोप भी उठाया
इस विवाद में एक अन्य मुद्दा भी शामिल किया गया है। वकील पंकज कौशिक ने पूरक शिकायत में आरोप लगाया है कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए लागू GRAP-3 प्रतिबंधों के दौरान बाल भवन पब्लिक स्कूल की इमारत को तोड़ा गया।
शिकायतकर्ताओं ने इस मामले की भी जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जमीन के स्वामित्व, पुराने दस्तावेजों, इंतकाल और स्कूल भवन से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
फिलहाल इस पूरे मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। प्रशासन का विस्तृत पक्ष भी सामने आना बाकी है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि उच्च अधिकारी शिकायत पर क्या कार्रवाई करते हैं और विवादित जमीन से जुड़े राजस्व रिकॉर्ड की जांच किस स्तर पर कराई जाती है।
Akhil Mahajan