पूर्व रणजी खिलाड़ी की सड़क हादसे में मौत

त्रिपुरा के पूर्व रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी राजेश बानिक की सड़क हादसे में मौत हो गई। वे अंडर-15 एशियन क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत के लिए खेल चुके थे और हैट्रिक ली थी। खेल जगत ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

पूर्व रणजी खिलाड़ी  की सड़क हादसे में मौत

  •  पूर्व रणजी खिलाड़ी राजेश बानिक की सड़क हादसे में मौत

  • अंबाति रायडू के साथ खेल चुके थे अंडर-15 एशियन टूर्नामेंट, हैट्रिक ली थी

  • राज्य क्रिकेट जगत में शोक की लहर, सिलेक्टर के तौर पर भी किया था योगदान


त्रिपुरा के पूर्व रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी राजेश बानिक का शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया। वे मात्र 40 वर्ष के थे। हादसे की खबर मिलते ही पूरे राज्य के खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, राजेश आनंदनगर इलाके में अपनी मोटरसाइकिल से लौट रहे थे, जब उनका एक्सीडेंट हो गया। राहगीरों ने उन्हें गंभीर हालत में GBP अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

राजेश बानिक ने वर्ष 2000-01 में त्रिपुरा की रणजी टीम से डेब्यू किया था और अपने प्रदर्शन से राज्य क्रिकेट में एक खास पहचान बनाई थी। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्हें त्रिपुरा की अंडर-16 टीम का सिलेक्टर नियुक्त किया गया था, जहां उन्होंने कई नई प्रतिभाओं को पहचानने में अहम भूमिका निभाई।

त्रिपुरा क्रिकेट संघ के सचिव सुब्रत देव ने शोक व्यक्त करते हुए कहा –
“यह बहुत दुखद है। हमने एक टैलेंटेड क्रिकेटर और सिलेक्टर खो दिया है। हम सदमे में हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।”

वहीं त्रिपुरा स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट क्लब के सचिव अनिरबन देव ने कहा –
“वे राज्य के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर्स में से एक थे। युवा प्रतिभाओं को पहचानने की उनकी क्षमता असाधारण थी, इसी कारण उन्हें चयन समिति में शामिल किया गया था।”

राजेश ने साल 2000 में मलेशिया में हुए अंडर-15 एशियन क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत की ओर से हांगकांग के खिलाफ हैट्रिक ली थी। उस मैच में अंबाति रायडू ने 30 गेंदों में 53 रन बनाए थे और टीम के कोच रोजर बिन्नी थे। भारत ने वह मैच 363 रन से जीता था।

क्रिकेट जगत ने हाल ही में एक और युवा खिलाड़ी को खोया था। 17 वर्षीय बेन ऑस्टिन, जो मेलबर्न के लिए क्लब क्रिकेट खेलते थे, की भी एक हादसे में मौत हो गई थी। नेट्स प्रैक्टिस के दौरान उन्हें बॉल सिर और गर्दन के बीच लग गई थी।

राजेश बानिक की असमय मौत ने भारतीय क्रिकेट को एक और प्रतिभाशाली खिलाड़ी से वंचित कर दिया है।