सुरेंद्र अहलावत को 'आप' में जींद प्रभारी की भी जिम्मेदारी, नरेंद्र शर्मा बने पानीपत के प्रभारी
सुरेंद्र पहले आम आदमी पार्टी में हरियाणा के प्रदेश उपाध्यक्ष के अलावा सोनीपत जिले के प्रभारी भी है। सोनीपत में कुछ दिनों में स्थानीय निकाय के चुनाव भी होने हैं। सुरेंद्र का पद पार्टी में लगातार बढ़ता जा रहा है।
➤ सुरेंद्र अहलावत को सौंपी गई जींद जिले की कमान
➤ नरेंद्र शर्मा को बनाया गया पानीपत जिला प्रभारी
आम आदमी पार्टी (AAP) हरियाणा में संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जिला स्तर पर नए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। पार्टी द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार सुरेंद्र अहलावत को जींद जिले का भी प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि नरेंद्र शर्मा को पानीपत जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह आदेश 09 फरवरी 2026 को आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता द्वारा जारी किया गया।
पार्टी के पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यह नियुक्तियां जिला स्तर पर संगठन को सशक्त करने, बेहतर समन्वय और सभी जिला स्तरीय गतिविधियों के सुचारू संचालन के उद्देश्य से की गई हैं। नए प्रभारी जिला कार्यालय पदाधिकारियों के साथ मिलकर संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।
सुरेंद्र अहलावत पहले से ही आम आदमी पार्टी में एक सक्रिय और भरोसेमंद चेहरा माने जाते हैं। वे वर्तमान में AAP हरियाणा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं और इसके साथ-साथ सोनीपत जिले के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। खास बात यह है कि सोनीपत में आने वाले दिनों में स्थानीय निकाय चुनाव प्रस्तावित हैं, ऐसे में पार्टी ने उन पर एक और अहम जिले की जिम्मेदारी देकर उनके बढ़ते कद का संकेत दिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, सुरेंद्र अहलावत का संगठनात्मक अनुभव और जमीनी पकड़ उन्हें यह अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपने का मुख्य कारण रहा।
वहीं, नरेंद्र शर्मा को पानीपत जिले का प्रभारी बनाया गया है। पार्टी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में पानीपत जिले में संगठन और अधिक मजबूत होगा और आगामी राजनीतिक गतिविधियों में पार्टी को मजबूती मिलेगी।
पार्टी के इस फैसले को आम आदमी पार्टी हरियाणा में संगठन विस्तार और आगामी चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। नियुक्तियों की प्रति पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन), राष्ट्रीय सचिव और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष को भी भेजी गई है।
Akhil Mahajan