बिजलीकर्मी पर पिस्टल तानकर दौड़ाया, बिल बकाया पर कटे कनेक्शन कोजोड़ने पहुंचा था लाइनमैन
फतेहाबाद में बिजली बिल विवाद के चलते युवक ने लाइनमैन पर पिस्टल तान दी और मारपीट की। घटना का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी।
■ फतेहाबाद में बिजलीकर्मी पर पिस्टल तानकर दौड़ाया युवक
■ बिल बकाया पर कटा कनेक्शन, जोड़ने पहुंचे लाइनमैन पर हमला
■ वीडियो वायरल, यूनियन ने सख्त कार्रवाई की मांग उठाई
हरियाणा के फतेहाबाद जिले के माजरा गांव में एक युवक द्वारा बिजलीकर्मी पर पिस्टल तानने और मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी युवक बिजली कर्मचारी के साथ हाथापाई करता दिखाई दे रहा है। हंगामा बढ़ता देख आसपास की महिलाएं डरकर अपने-अपने घरों में छिप गईं।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी कुलवंत उर्फ कांतू पर करीब 2822 रुपए का बिजली बिल बकाया था। इसी कारण तीन दिन पहले बिजली विभाग ने उसका कनेक्शन काट दिया था। बाद में बिल जमा कराने के बाद मंगलवार को असिस्टेंट लाइनमैन बिशन कुमार गांव में कनेक्शन दोबारा जोड़ने पहुंचे थे।
पीड़ित लाइनमैन बिशन कुमार ने बताया कि गांव में पहुंचते ही आरोपी युवक ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते पिस्टल निकालकर जान से मारने की धमकी देने लगा। डर के मारे बिजलीकर्मी अपनी जान बचाने के लिए पास के घर में घुस गया, लेकिन आरोपी उसे वहां से भी बाहर खींच लाया।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक पिस्टल लेकर गांव की गलियों में घूमता रहा और लाइनमैन को दौड़ाता रहा। इस दौरान बिजलीकर्मी दूसरे घर में छिपने की कोशिश करता रहा। आरोपी ने मौके पर मौजूद लाइनमैन के साथी को भी रास्ते में गिराकर बुरी तरह पीटा।
घटना के दौरान आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और आरोपी से पिस्टल छीनने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को संभाला गया। इस पूरी घटना ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है।
मामले को लेकर ऑल हरियाणा पावर कॉर्पोरेशन यूनियन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। यूनियन नेता रामनिवास शर्मा ने घटना को निंदनीय बताते हुए पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
वहीं, सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि लाइनमैन की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan