2026 में हरियाणा के 13 आईएएस अधिकारी होंगे रिटायर, जानें कौन सूची में

वर्ष 2026 में हरियाणा के 13 आईएएस अधिकारी सेवानिवृत्त होंगे। मुख्य सचिव स्तर के अफसरों समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों के रिटायर होने से राज्य में पहले से खाली पदों की समस्या और गंभीर हो सकती है।

2026 में हरियाणा के 13 आईएएस अधिकारी होंगे रिटायर, जानें कौन सूची में
  • 2026 में हरियाणा के 13 आईएएस अधिकारी होंगे सेवानिवृत्त
  • मुख्य सचिव स्तर के वरिष्ठ अफसर भी रिटायरमेंट लिस्ट में शामिल
  • राज्य में पहले से 42 आईएएस पद खाली, संकट और गहराएगा


वर्ष 2026 हरियाणा प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। अगले साल प्रदेश के कुल 13 आईएएस अधिकारी सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। इस सूची में मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी समेत कई वरिष्ठ और अनुभवी अफसर शामिल हैं, जिससे प्रशासनिक ढांचे पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।

सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों में वरिष्ठ आईएएस सुधीर राजपाल शामिल हैं। इसके अलावा अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर के राजा शेखर वुंडरू और अरुण कुमार गुप्ता भी रिटायर होंगे। अरुण कुमार गुप्ता वर्तमान में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, ऐसे में उनके सेवानिवृत्त होने से मुख्यमंत्री कार्यालय में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

केंद्र सरकार में सचिव पद पर तैनात अभिलक्ष लिखी और प्रधान सचिव स्तर के डी. सुरेश भी वर्ष 2026 में सेवानिवृत्त होंगे। इसके साथ ही 2005 बैच के आईएएस रमेश चंद्र बिधान 31 दिसंबर को रिटायर हो जाएंगे।

हरियाणा में इस समय आईएएस कैडर के कुल 225 पद स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से केवल 183 अधिकारी ही कार्यरत हैं। इसका मतलब है कि राज्य में पहले से ही 42 आईएएस पद खाली चल रहे हैं। वहीं 12 आईएएस अधिकारी फिलहाल केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर हैं, जिससे राज्य में प्रशासनिक दबाव और बढ़ गया है।

हाल ही में हरियाणा को 6 नए आईएएस अधिकारी मिले हैं, लेकिन 2026 में 13 अधिकारियों के रिटायर होने के बाद यह राहत नाकाफी साबित हो सकती है। जानकारों के अनुसार, इतने बड़े स्तर पर सेवानिवृत्ति से विभागों में अनुभव की कमी और कामकाज पर असर पड़ सकता है।