चौथी बार भी पन्ना प्रमुख दिलाएंगे भाजपा को जीत: धनखड़
हरियाणा में पन्ना प्रमुख को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी विवाद तेज हो गया है। बीरेंद्र सिंह के दावे पर भाजपा नेता ओमप्रकाश धनखड़ ने कड़ा पलटवार किया है।
➤ बीरेंद्र सिंह के पन्ना प्रमुख वाले दावे को ओमप्रकाश धनखड़ ने किया खारिज
➤ धनखड़ बोले- हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार पन्ना प्रमुखों की बदौलत बनी
➤ कांग्रेस पर तंज, कहा- संगठन नहीं बना सकती, भाजपा से सीखने की जरूरत
हरियाणा की राजनीति में पन्ना प्रमुख को लेकर नया सियासी विवाद खड़ा हो गया है। हाल ही में कांग्रेस में लौटे पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के उस बयान पर भाजपा ने कड़ा पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने पन्ना प्रमुखों की वास्तविक मौजूदगी पर सवाल उठाए थे।
बीरेंद्र सिंह ने दावा किया था कि हरियाणा में करीब सवा तीन लाख पन्ना प्रमुख केवल कागजों में बनाए गए थे और उनकी धरातल पर कोई वास्तविक मौजूदगी नहीं थी। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुख बनाने की प्रक्रिया सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गई थी।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने बीरेंद्र सिंह के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने के पीछे पन्ना प्रमुखों का मजबूत संगठन सबसे बड़ी वजह है।
धनखड़ ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी भाजपा चौथी बार सरकार बनाएगी और इसमें पन्ना प्रमुखों की भूमिका पहले की तरह निर्णायक रहेगी। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।
ओमप्रकाश धनखड़ ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने ही हरियाणा में पन्ना प्रमुख अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली और वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने इस अभियान को आगे बढ़ाया।
धनखड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास मजबूत संगठन खड़ा करने की परंपरा नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के पन्ना प्रमुखों को खत्म करने की बातें कही थीं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि "पन्ने नहीं फटे, कांग्रेस जरूर फट गई।"
धनखड़ ने कहा कि भाजपा केवल संगठन नहीं बनाती, बल्कि हर कार्यकर्ता को जिम्मेदारी भी देती है। उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में 85 विधानसभा क्षेत्रों में पन्ना प्रमुख सम्मेलन आयोजित किए गए थे और यह व्यवस्था आज भी लगातार मजबूत की जा रही है।
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
<div id="score-frame"><a rel="nofollow" href="https://www.crictimes.org/cricket-scores">Live Cricket Scores</a></div><script type="text/javascript">var html = document.getElementById('score-frame');html.innerHTML = '<iframe src="https://cwidget.crictimes.org/?v=1.1&a=ff0000&bo=ff0000" style="width:100%;min-height: 460px;" frameborder="0" scrolling="yes"></iframe>';</script>