चाचा को गोली मारकर कार में पानीपत लाया शव, यहां दोस्त को भी मारकर कार में डाला, पीछे पीछे पहुंच गई पानीपत पुलिस….

पानीपत में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। भतीजे पर चाचा राहुल मलिक और दोस्त अंकुश की गोली मारकर हत्या कर शव नहर किनारे फेंकने का आरोप है।

चाचा को गोली मारकर कार में पानीपत लाया शव, यहां दोस्त को भी मारकर कार में डाला, पीछे पीछे पहुंच गई पानीपत पुलिस….

➤ प्रॉपर्टी विवाद में भतीजे ने चाचा को ऑफिस में गोलियां मारकर मौत के घाट उतारा

➤ भागते समय दोस्त को भी कार में बैठाकर गोली मारी, दोनों शव पानीपत में नहर किनारे फेंके

➤ पंजाब और हरियाणा पुलिस की संयुक्त जांच, आरोपी साहिल मलिक की तलाश तेज


पानीपत में बुधवार रात सामने आए एक सनसनीखेज डबल मर्डर केस ने पूरे इलाके को हिला दिया। प्रारंभिक जांच के अनुसार, गांव उग्राखेड़ी निवासी राहुल मलिक की उसके ही भतीजे साहिल मलिक ने पंजाब के डेराबस्सी क्षेत्र में गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने अपने एक दोस्त की भी हत्या कर दी और दोनों शवों को पानीपत के सिवाह बाईपास के पास नहर किनारे फेंककर फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7 बजे राहुल मलिक डेराबस्सी के गांव घोलूमाजरा स्थित अपने कार्यालय में कुछ ग्राहकों के साथ मौजूद था। इसी दौरान उसका भतीजा साहिल मलिक वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि उसने पहले कार्यालय में मौजूद लोगों को बाहर जाने के लिए कहा और फिर हवाई फायर किया। इसके बाद उसने राहुल मलिक पर गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी कार्यालय में लगा डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गया ताकि सबूत मिटाए जा सकें। इसके बाद उसने राहुल का शव उसकी ही सफारी गाड़ी में रखा और पानीपत की ओर रवाना हो गया।

सूत्रों के अनुसार, डेराबस्सी पुलिस को हत्या की सूचना मिलने के बाद आरोपी के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर उसका पीछा शुरू कर दिया गया। इसी दौरान आरोपी ने पानीपत के हरी नगर निवासी अपने दोस्त अंकुश को टोल प्लाजा पर बुलाया। जैसे ही अंकुश वहां पहुंचा, साहिल ने उसे अपनी गाड़ी में बैठा लिया। आरोप है कि कुछ दूरी तय करने के बाद उसने अंकुश को भी गोली मारकर हत्या कर दी।

बताया जा रहा है कि आरोपी को शक हो गया था कि पुलिस लगातार उसका पीछा कर रही है। इसके बाद वह सिवाह बाईपास से सोनीपत की ओर जाने वाली नहर के पास पहुंचा और मौका देखकर राहुल तथा अंकुश के शव सड़क किनारे फेंक दिए। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

रात करीब 10:15 बजे वहां से गुजर रहे राहगीरों ने सड़क किनारे पड़े दोनों शव देखे और इसकी सूचना डायल 112 पर दी। सूचना मिलने के बाद समालखा थाना पुलिस, सेक्टर-29 थाना पुलिस, जिले की तीनों सीआईए टीमें तथा एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। कुछ समय बाद पंजाब पुलिस की टीमें और डीएसपी स्तर के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान राहुल मलिक निवासी उग्राखेड़ी और अंकुश निवासी हरी नगर, पानीपत के रूप में हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों हत्याएं अलग-अलग स्थानों पर हुईं या फिर किसी एक स्थान पर वारदात को अंजाम देकर शव यहां फेंके गए।

जानकारी के अनुसार, आरोपी साहिल मलिक का अपने चाचा राहुल मलिक के साथ प्रॉपर्टी विवाद चल रहा था। इसके अलावा एक पुराने मारपीट मामले में साहिल और अंकुश के खिलाफ भी मामला दर्ज था। बताया जा रहा है कि साहिल उस मामले में फरार चल रहा था। पुलिस अब इसी एंगल से भी जांच कर रही है कि दोस्त अंकुश की हत्या के पीछे क्या कारण रहे।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।